क्षेत्रीय
13-Mar-2026


छिंदवाड़ा जबलपुर (ईएमएस)। शहर में सडक़ सुरक्षा विशेष अभियान के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की। एक सप्ताह चले अभियान में बिना हेलमेट, सीटबेल्ट, रॉन्ग साइड, रेड लाइट जंप और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले 498 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 1 लाख 95 हजार 500 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। यातायात डीएसपी आरपी चौबे और यातायात थाना प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि जिले में 6 से 12 मार्च तक विशेष सडक़ सुरक्षा अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य शहर में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाना तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई करना था। इस दौरान पुलिस ने शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने के 270 मामलों में 81 हजार रुपये, बिना सीटबेल्ट के 54 मामलों में 27 हजार रुपये, रेड लाइट जंप करने के 37 मामलों में 18 हजार 500 रुपये, तेज गति से वाहन चलाने के 7 मामलों में 7 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया। नो पार्किंग पर ६२ वाहनों पर कार्रवाई यातायात टीआई ने बताया कि नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने के 62 मामलों में 31 हजार रुपये, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाने के 11 मामलों में 5 हजार 500 रुपये, वाहन पर नंबर प्लेट सही नहीं होने के 33 मामलों में 16 हजार 500 रुपये, दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने के 12 मामलों में 6 हजार रुपये तथा बिना बीमा के 1 मामले में 3 हजार रुपये का चालान किया गया। अभियान के दौरान 11 प्रकरणों में इस्तगाशा तैयार कर न्यायालयीन कार्रवाई भी की गई। इस तरह कुल 498 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 1 लाख 95 हजार 500 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। ईएमएस / 13/03/2026