खेल
14-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा है कि वह अभी फिट हैं और मुम्बई इंडियंस को उन्हें पूरी समय के लिए उतारना चाहिये। साथ ही कहा कि उन्हें ‘इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरना किसी भी प्रकार से फायदेमंद नहीं है। चोपड़ा ने कहा कि अगर आप फिट हैं, तो आपको पूरा मैच खेलना चाहिए, न कि सब्स्टिट्यूट होना चाहिए। खासकर तब, जब आप दूसरी पारी में बल्लेबाजी कर रहे हों तेा आपको ‘इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर मैदान पर नहीं उतरना चाहिए। चोपड़ा ने कहा, एक ओपनर के लिए ये संभव नहीं होता कि वह डगआउट में 20 ओवर का मैच देखते हुए समय बिताये। सलामी बल्लेबाज मैदान पर रहने, उसी हिसाब से तैयारी करने और फिर से खेलने की आदत वाले होते हैं। रोहित इस समय सबसे अधिक फिट, सबसे तेज और शायद सबसे बेहतर खिलाड़ी हैं; इसलिए उन्हें पूरे 40 ओवर मैदान पर ही रहना चाहिए। इसी प्रकार मुंबई इंडियंस रोहित का लाभ उठा सकेगी।। वहीं दिग्गज पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह भी इससे सहमत हैं उनका भी कहना है कि रोहित को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर रखना ठीक नहीं रहेगा। उन्होंने कहा, रोहित का इस्तेमाल 12वें खिलाड़ी के तौर पर किया गया है, जो सिर्फ बल्लेबाजी करता है। लेकिन मुझे लगता है कि जिस तरह से वह कप्तान रहे हैं, उनके जैसे खिलाड़ी को मैदान पर रहना चाहिए क्योंकि कठिन मैचों में वह अनुभवी होने के कारण कप्तान हार्दिक पंड्या को जरुरी सलाह दे सकते हैं। गिरजा/ईएमएस 14 मार्च 2026