झाँसी(ईएमएस )कुकिंग गैस की शॉर्टेज की अफवाहों का असर अब महानगर में भी दिखाई दे रहा है। लोग गैस सिलेंडर की बुकिंग के लिए कंपनी के नंबर पर प्रयास करते हैं लेकिन उस पर अब गैस बुक नहीं हो पा रही है। गैस कंपनीयों द्वारा जो ऐप दिए गए हैं उन्होंने भी काम करना बंद कर दिया है। जिससे ग्राहकों में एक अनिश्चित्ता का माहौल बन गया है। जब उपभोक्ता परेशान होकर एजेंसी संचालक से संपर्क करते हैं तो संचालकों ने भी हाथ खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कंपनी मुख्यालय से संपर्क किया है।दावा किया गया है की क्षमता से कई गुना अधिक कॉल आने के कारण सिस्टम बार-बार फेल हो रहा है। जिला पूर्ति कार्यालय के अनुसार सरवर की क्षमता प्रति सेकंड 100 बुकिंग की है जबकि अब प्रति सेकंड 500 से ज्यादा कॉल आ रहे हैं भारी लोड के कारण सर्वर बार-बार फेल हो जाता है।।कर्मचारी भी इस समस्या से परेशान नजर आ रहे हैं। गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि गैस की कोई कमी नहीं है सिर्फ बुकिंग न होने के कारण उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं लेकिन जल्दी ही यह समस्या दूर कर दी जाएगी। एजेंसी संचालकों का यह भी कहना है कि अब गैस बुकिंग 25 दिन के बाद ही हो सकती है।उपभोक्ताओं से भी अपील है कि 25 दिन के पहले गैस बुकिंग न करें जिससे सर्वर पर लोड कम हो सके। इन सब वजहों से महानगर के उपभोक्ताओं में काफी असमंजस का माहौल बना हुआ है। कुछ उपभोक्ताओं से बात करने पर उन्होंने बताया की मेरे नंबर पर गैस बुक की गई और उसकी डिलीवरी भी कर दी गई लेकिन मुझे सिलेंडर नहीं मिला मुझे सिर्फ एस एम एस के थ्रू ही जानकारी मिली कि मेरे फोन नंबर पर किसी अन्य व्यक्ति ने बुक करके गैस की डिलीवरी भी प्राप्त कर ली। इस तरह के आरोप भी गैस एजेंसीयों पर लग रहे हैं। प्रशासन ने किसी भी तरह की असुविधा होने के लिए पूर्ति निरीक्षक, भारत गैस के लिए, इंडेन गैस के लिए हेल्पलाइन और अन्य नंबर भी जारी किए हैं जहां पर उपभोक्ता अपनी समस्या को बता सकता है। जिले में पेट्रोल डीजल व गैस की निगरानी के लिए जिला अधिकारी मृदुल चौधरी ने भी अफसर को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि जिले में 176 पेट्रोल पंप व 54 गैस एजेंसी के माध्यम से डीजल पेट्रोल और गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित कराई जा रही है वर्तमान में जिले की आपूर्ति में कोई समस्या या रुकावट नहीं है।कालाबाजारी करने व अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। इस बारे में आकाश कुलहरी आईजी झांसी रेंज का कहना है की एजेंसी संचालकों को नियमानुसार गैस सिलेंडर की सप्लाई करने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। झांसी ललितपुर व जालौन की एसओजी के साथ ही सभी थानों की पुलिस को भी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। कालाबाजारी करने वालों से सख़्ती के साथ निपटा जाएगा और पकड़े जाने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।शरद शिवहरे /ईएमएस /14 मार्च