- कुल 21 में से 9 गाड़ियां मेंटेनेंस के अभाव में - निजी कंपनी करती है संचालन कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले में आपातकालीन मदद के लिए तैनात डायल 112 सेवा के वाहन फिलहाल बाधित बताये जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार जिले को आवंटित कुल 21 वाहनों में से 9 गाड़ियां वर्तमान में खराब पड़ी हैं, जिससे सेवाओं पर असर पड़ रहा है। ये खराब वाहन मरम्मत के लिए गैराज और पुलिस लाइन की वाहन शाखा में भेजे गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इन वाहनों का संचालन एक निजी कंपनी के माध्यम से किया जाता है। * 9 गाड़ियों की खराबी से 112 आपात सेवा पर दबाव 9 गाड़ियों के खराब होने के कारण शेष वाहनों पर अतिरिक्त दबाव है। इससे अन्य जगहों से कॉल आने पर 112 को पहुंचने में कभी-कभी देरी हो रही है। खराब वाहनों पर तैनात पुलिसकर्मी फिलहाल अपने-अपने क्षेत्र के थाना-चौकी में सेवाएं दे रहे हैं, जबकि चालक (जो कंपनी के कर्मचारी हैं) अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। उक्त कंपनी पिछले कुछ महीनों से 112 सेवा का संचालन कर रही है। इससे पहले एक अन्य निजी कंपनी यह जिम्मेदारी संभाल रही थी, जिसका टेंडर समाप्त हो गया है। पूर्व कंपनी के कर्मचारियों ने पत्राचार कर अपनी सुरक्षा निधि (12,000 रुपए) की वापसी और अन्य मांगों को पूरा करने की अपील की है। 14 मार्च / मित्तल