व्यापार
16-Mar-2026
...


- सोना 1.56 लाख और चांदी की कीमत लगभग 2.55 लाख रुपए नई दिल्ली (ईएमएस)। कीमती धातुओं के वायदा बाजार में इस सप्ताह सुस्ती का माहौल देखने को मिल रहा है। सोमवार को घरेलू बाजार में सोना और चांदी दोनों के वायदा भाव गिरावट के साथ खुले। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का वायदा भाव करीब 1,56,840 रुपये प्रति 10 ग्राम, जबकि चांदी का वायदा भाव 2,55,700 रुपये प्रति किलो के आसपास कारोबार कर रहा था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दोनों धातुओं में नरमी का रुख बना हुआ है, जिसका असर घरेलू बाजार पर भी दिखाई दे रहा है। एमसीएक्स पर सोने का बेंचमार्क अप्रैल कॉन्ट्रैक्ट सोमवार को 1,119 रुपये की गिरावट के साथ **1,57,347 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। पिछले कारोबारी सत्र में इसका बंद भाव 1,58,466 रुपये था। शुरुआती कारोबार में सोने के भाव में और कमजोरी आई और यह 1,626 रुपये की गिरावट के साथ 1,56,840 रुपये के स्तर पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान इस कॉन्ट्रैक्ट ने 1,57,347 रुपये का उच्च स्तर और 1,56,829 रुपये का निचला स्तर छुआ। इस साल अब तक सोना 1,80,779 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वोच्च स्तर तक पहुंच चुका है। दूसरी ओर एमसीएक्स पर चांदी का बेंचमार्क मई कॉन्ट्रैक्ट भी गिरावट के साथ खुला। यह 4,334 रुपये की गिरावट के साथ 2,55,101 रुपये प्रति किलो पर खुला, जबकि पिछले सत्र में इसका बंद भाव 2,59,435 रुपये था। इस समय चांदी 3,735 रुपये की गिरावट के साथ 2,55,700 रुपये प्रति किलो के स्तर पर कारोबार कर रही थी। कारोबार के दौरान इसने 2,55,701 रुपये का उच्च स्तर और 2,55,101 रुपये का निचला स्तर दर्ज किया। इस साल चांदी 4,20,048 रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच चुकी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना और चांदी दबाव में हैं। कॉमेक्स पर सोना 44.80 डॉलर की गिरावट के साथ करीब 5,016.90 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी करीब 80.21 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर ट्रेड कर रही थी। इससे घरेलू बाजार में भी दबाव बना हुआ है। सतीश मोरे/16मार्च ---