- सेंसेक्स 400 अंक टूटा, निफ्टी 23 हजार के करीब मुंबई (ईएमएस)। वैश्विक बाजारों मिले कमजोर संकेतों के दौरान सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार ने सपाट रुख के साथ शुरुआत की। एशियाई बाजारों में कमजोरी और वैश्विक अनिश्चितता के बीच शुरुआती कारोबार में बाजार में हल्की गिरावट देखने को मिली, हालांकि बाद में कुछ स्थिरता भी दिखाई दी। निवेशक फिलहाल वैश्विक हालात और कच्चे तेल की कीमतों में हो रही तेजी पर नजर बनाए हुए हैं। तीस शेयरों वाला प्रमुख सूचकांक बीएसई सेंसेक्स गिरावट के साथ करीब 74,415 अंक पर खुला। हालांकि बाजार खुलने के तुरंत बाद इसमें हल्की रिकवरी देखने को मिली और यह 74,846 अंक तक पहुंच गया। सुबह शुरुआत के बाद सेंसेक्स 26.38 अंक की मामूली बढ़त के साथ 74,590.30 अंक पर कारोबार करता नजर आया। वहीं राष्ट्रीय शेयर बाजार का प्रमुख सूचकांक निफ्टी 50 भी लगभग सपाट स्तर पर 23,116 अंक पर खुला। शुरुआती कारोबार में इसमें भी मामूली उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सुबह शुरुआत के बाद निफ्टी 2.30 अंक की हल्की बढ़त के साथ 23,153.40 अंक पर ट्रेड कर रहा था। विशेषज्ञों के अनुसार बाजार पर दबाव के पीछे कई वैश्विक कारण हैं। मध्य पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, खासकर इरान और यूनाईटेड स्टेट के बीच जारी टकराव की लंबी अवधि की आशंका ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी भी भारतीय बाजार के लिए चिंता का कारण बनी हुई है। दूसरी ओर रुपये में कमजोरी और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली से भी बाजार का सेंटीमेंट प्रभावित हुआ है। विश्लेषकों का मानना है कि वैश्विक संकेतों और विदेशी निवेशकों के रुख के आधार पर आने वाले सत्रों में बाजार की दिशा तय होगी। फिलहाल निवेशक सतर्क रुख अपनाए हुए हैं और बड़े निवेश से पहले हालात स्पष्ट होने का इंतजार कर रहे हैं। सतीश मोरे/16मार्च ---