क्षेत्रीय
16-Mar-2026
...


- 11केवी पोल तोड़ खेत में घुसा वाहन कोरबा (ईएमएस) कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग अंतर्गत ग्राम सरगबुंदिया और बरपाली के बीच घटित हादसा इतना भीषण था कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन गनीमत रही कि पिकअप चालक बाल-बाल बच गया। जानकारी के अनुसार रविवार लगभग 11:30 से 12 बजे के बीच एक पिकअप वाहन में सवार कर्मचारी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क की सफेद पट्टी लगाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान पिकअप का टायर पंचर हो गया। चालक चंदन ने वाहन को सड़क किनारे साइड में लगाकर टायर बदलना शुरू किया। इसी दौरान पीछे से आ रहे हाईवा ने खड़ी पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और आगे का हिस्सा भी बुरी तरह टूट गया। वाहन की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि हादसा कितना भयानक था। टक्कर के बाद हाईवा चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे लगे 11केवी बिजली के खंभे को तोड़ते हुए पास के खेत में जा घुसा। हादसे में हाईवा चालक दुर्गेश बरेठ, निवासी जांजगीर जिला, गंभीर घायल हो गया। दुर्घटना में उसका एक पैर टूट गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसका इलाज जारी है। bघटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्यवाही भी की जा रही है। 16 मार्च / मित्तल