नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली पुलिस ने पूर्वी दिल्ली में अवैध एलपीजी सिलिंडर रिफिलिंग केंद्रों पर कार्रवाई की है। गांधी नगर और न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्रों में दो मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने बड़े सिलिंडरों से छोटे सिलिंडरों में गैस भरते हुए लोगों को पकड़ा। एलपीजी सिलिंडर की किल्लत जारी है। धड़ल्ले से कालाबाजारी भी हो रही है। दिल्ली पुलिस ने रिहायशी इलाकों में चल रहे अवैध रूप से चल रहे रिफिलिंग सेंटरों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पहला मामला गांधी नगर का है। पुलिस ने बताया कि बिट कांस्टेबल गश्त कर रहा था। तभी उसकी नजर एक व्यक्ति पर पड़ी जो बड़े सिलिंडर से छोटे सिलिंडर में गैस भर रहा था। उसकी दुकान में कई सिलिंडर रखे हुए थे। जब उससे रिफिलिंग सेंटर चलाने के कागजात मांगे तो वह दिखा नहीं सका। पुलिस ने 55 वर्षीय व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया। दूसरा केस न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र के करतार नगर में सामने आया। यहां भी एक व्यक्ति रिफिलिंग सेंटर चला रहा था। पुलिस ने सिलिंडर जमा करने के साथ ही केस दर्ज कर लिया।