क्षेत्रीय
16-Mar-2026
...


फिरोजाबाद(ईएमएस) जिले के टूंडला क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब नाश्ते की दुकान में सो रहे एक व्यक्ति का खून से सना शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस के उच्च अधिकारी और कई थानों का फोर्स पहुंच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना टूंडला थाना क्षेत्र के जरौली चौराहा स्थित सागर रत्न होटल के पास की है। यहां नाश्ते की दुकान चलाने वाले करीब 45 वर्षीय तेजपाल सिंह पुत्र शेर सिंह निवासी गांव उलाऊ का शव सोमवार सुबह उनकी दुकान के अंदर मिला। मृतक के चेहरे, सिर और शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। - सुबह बेटे ने देखा खून से सना शव परिजनों के अनुसार तेजपाल सिंह पहले कांच फैक्ट्री में ठेकेदारी का काम करते थे। कुछ समय से काम बंद हो जाने के कारण उन्होंने करीब आठ दिन पहले ही जरौली चौराहे पर खोखा लगाकर नाश्ते की दुकान शुरू की थी। उनके साथ उनका इकलौता बेटा कौशल भी दुकान पर बैठकर काम में मदद करता था। बताया गया कि तेजपाल रोज की तरह रात में दुकान बंद करके अपने गांव उलाऊ खाना खाने जाते थे और फिर वापस दुकान पर आकर सो जाते थे। रविवार रात करीब 9 बजे भी वह - खाना खाकर दुकान पर सोने आए थे। सोमवार सुबह करीब 5 बजे जब उनका बेटा कौशल दुकान खोलने पहुंचा तो अंदर का नजारा देखकर उसकी चीख निकल गई। दुकान के अंदर उसके पिता का खून से सना शव पड़ा हुआ था। बेटे की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई। इसके बाद घटना की सूचना परिजनों और पुलिस को दी गई। - मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटना की सूचना मिलते ही रविशंकर प्रसाद सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके। - परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ मृतक तेजपाल सिंह के परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। इनमें से एक बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि दो बेटियों की शादी अभी बाकी है। परिवार का पालन-पोषण पहले फैक्ट्री में ठेकेदारी से होता था, लेकिन काम बंद होने के बाद उन्होंने मेहनत करके नाश्ते की दुकान शुरू की थी। अचानक हुई इस हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। - जनप्रतिनिधि भी पहुंचे घटना की जानकारी मिलने पर सदर ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मी नारायण यादव भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। पुलिस अधिकारियों ने भी आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही हत्या का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है। ईएमएस