ब्यावरा(ईएमएस)l नगर में मां कर्मा देवी जयंती बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर नवयुवक मंडल द्वारा सुबह 9 बजे भव्य वाहन रैली निकाली गई, जिसमें समाज के युवाओं और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रैली के समापन के बाद समाज के युवा और समाज के लोग नरसिंह बीड़ मंदिर स्थित गोशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गोमाता को चारा खिलाकर सेवा की। इसके बाद दोपहर 3 बजे समाज के दानदाताओं का माला और साफा पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। दोपहर बाद मां कर्मा देवी की भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई, जो स्थानीय साहू धर्मशाला से शुरू होकर पिंजारा गली, सुभाष चौक, मेन मार्केट, एबी रोड, पीपल चौराहा और आंबेडकर चौराहा होते हुए वापस साहू धर्मशाला पहुंची। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के साथ शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में महाआरती का आयोजन किया गया। इसके साथ ही समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए हाईस्कूल, हायर सेकेंडरी और स्नातक स्तर के विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम के समापन पर समाजजनों के लिए महाप्रसादी का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर प्रसादी ग्रहण की गई।-निखिल/ब्यावरा/16/3/2026