क्षेत्रीय
16-Mar-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां फ्रिज में हुए तेज धमाके के बाद मकान में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से घर में मौजूद एक बुजुर्ग महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के समय महिला घर में अकेली थी और आग इतनी तेजी से फैली कि उसे बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया। यह पूरा मामला सरकंडा थाना क्षेत्र के लिंगियाडीह इलाके का है। - देर रात धमाके से दहल उठा इलाका मिली जानकारी के मुताबिक मृतक महिला का नाम जया अग्रवाल (57 वर्ष) है, जो लिंगियाडीह में साईं मंदिर के पीछे स्थित अपने मकान में रहती थीं। रविवार देर रात अचानक उनके घर में रखे फ्रिज में जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों में रह रहे लोग घबरा गए और तुरंत अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। जब लोगों ने देखा तो गली के एक मकान से तेज लपटें और धुआं निकल रहा था। धीरे-धीरे आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और हर कोई आग बुझाने की कोशिश में जुट गया। - स्थानीय लोगों ने बाल्टियों से बुझाने की कोशिश की आग घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। वार्ड पार्षद दिलीप पाटिल की मदद से लोगों ने बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने की कोशिश की। इसी बीच पुलिस और दमकल विभाग को भी सूचना दे दी गई। कुछ ही देर में सरकंडा पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकलकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक घर के अंदर मौजूद बुजुर्ग महिला की जान जा चुकी थी। - तलाशी के दौरान मिली झुलसी हुई लाश जब आग पूरी तरह से नियंत्रित हो गई तो पुलिस और दमकल टीम ने घर के अंदर जाकर तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान घर के अंदर जया अग्रवाल का शव बुरी तरह से झुलसी हुई हालत में मिला। आग की लपटों में घिरने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्चुरी भिजवा दिया है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। पहले लगा गैस सिलेंडर फटा, जांच में सामने आया फ्रिज ब्लास्ट प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी थी। शुरुआत में लोगों को लगा कि शायद गैस सिलेंडर फट गया है, लेकिन बाद में जब पुलिस ने जांच की तो पता चला कि हादसा फ्रिज में हुए ब्लास्ट की वजह से हुआ है। - मुंहबोले वकील भाई के साथ रहती थी महिला वार्ड पार्षद दिलीप पाटिल ने बताया कि जया अग्रवाल अपने मुंहबोले वकील भाई के साथ इस मकान में रहती थीं। उनका बाकी परिवार बेंगलुरु में रहता है। घटना के समय महिला घर में अकेली थी, इसलिए जब फ्रिज में ब्लास्ट हुआ और आग तेजी से फैली तो वह बाहर नहीं निकल पाईं। कुछ दिन पहले ही भाई की हुई थी मौत जानकारी के अनुसार जया अग्रवाल के मुंहबोले भाई की तबीयत कुछ दिन पहले अचानक खराब हो गई थी। उन्हें इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए बेंगलुरु ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिवार में अभी भाई के निधन के बाद क्रियाकर्म चल ही रहा था कि इसी बीच यह दर्दनाक हादसा हो गया। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। - पुलिस ने शुरू की जांच सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि लिंगियाडीह स्थित साईं मंदिर के पीछे एक मकान में ब्लास्ट और आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों तथा दमकल विभाग की मदद से आग पर काबू पाया गया। तलाशी के दौरान घर के अंदर बुजुर्ग महिला का शव मिला है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। - आखिर फ्रिज में ब्लास्ट क्यों होता है? अक्सर लोगों को लगता है कि फ्रिज अचानक खुद ही ब्लास्ट कर देता है, लेकिन असल में इसके पीछे कई तकनीकी कारण होते हैं। फ्रिज के पीछे एक कंप्रेसर लगा होता है, जिसमें मोटर और पंप मौजूद होते हैं। यही कंप्रेसर रेफ्रिजरेंट गैस को कॉइल्स में भेजता है, जिससे फ्रिज के अंदर ठंडक बनी रहती है। लेकिन अगर किसी कारण से कंप्रेसर में खराबी आ जाए या गैस का फ्लो रुक जाए तो फ्रिज के पीछे का हिस्सा तेजी से गर्म होने लगता है। लगातार गर्म होने से कॉइल्स सिकुड़ जाती हैं और अंदर गैस का दबाव बढ़ जाता है। दबाव ज्यादा बढऩे पर ब्लास्ट की स्थिति बन सकती है। मनोज राज 16 मार्च 2026