क्षेत्रीय
16-Mar-2026
...


- मंजू दीदी ने दिया अहंकार त्याग का संदेश बिलासपुर (ईएमएस)। रामकृष्ण नगर निवासी सेवानिवृत्त नर्स सावित्री सिंह के विशेष आग्रह और उनकी गहरी आध्यात्मिक भावना के फलस्वरूप उनके निवास पर शिव ध्वजारोहण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी तथा ब्र.कु. गायत्री बहन उपस्थित रहीं। दोनों ने ईश्वरीय ध्वज फहराकर उपस्थित भाई-बहनों को परमात्मा के सत्य परिचय का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ बच्चों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिससे वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। अपने प्रेरक संबोधन में मंजू दीदी ने अपनी आध्यात्मिक यात्रा साझा करते हुए बताया कि उन्हें ईश्वरीय ज्ञान वर्ष 1976 में मात्र 8 वर्ष की आयु में उत्तरप्रदेश के धनबाद में प्राप्त हुआ था। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 तक आते-आते भी उनके भीतर ज्ञान सागर से नई-नई बातें सीखने की प्यास उतनी ही प्रबल है जितनी पहले दिन थी। मंजू दीदी ने जीवन में अहंकार के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अहंकार कई प्रकार का होता है—रूप-रंग, धन-दौलत, पद-प्रतिष्ठा या अपनी विशेषताओं का। उन्होंने सिकंदर का उदाहरण देते हुए बताया कि इतना बड़ा सम्राट भी संसार से खाली हाथ ही गया। इसलिए मनुष्य को हमेशा सरलता, नम्रता और सेवा भाव अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा, जिसकी आत्मिक बैटरी चार्ज है, वही सच्चे अर्थों में सुखी और शक्तिशाली इंसान है।कार्यक्रम में सावित्री सिंह एवं उनके परिवार ने मंजू दीदी का भव्य स्वागत किया। इस दौरान शोभा सिंह ने प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में परिवार के सदस्यों के साथ कॉलोनी के अनेक निवासी भी उपस्थित रहे। मनोज राज 16 मार्च 2026