भोपाल(ईएमएस)। चुनाभट्टी थाना इलाके में दो पहिया वाहन सवार तीन बदमाशो ने मोबाइल पर बात करते हुए पैदल जा रहे व्यक्ति का मोबाइल छीन लिया और नौ दो ग्यारह हो गए। जानकारी के अनुसार ईश्वर नगर में रहने वाले पीतर हटीला (48)) बीते रविवार की शाम करीब साढ़े सात बजे बाबा नगर से पैदल अपने घर लौट रहे थे। चूनाभट्टी चौराहा पहुंचने पर उनके बेटे का फोन आने पर वह मोबाइल पर बातचीत करते हुए पैदल चलने लगे। इसी दौरान सर्वधर्म कालोनी की तरफ से आ रहे स्कूटर सवार बदमाश उनके करीब आये और इससे पहले वह कुछ समझ पाते स्कूटर पर बीच में बैठे युवक ने पीतर के हाथ पर झपट्टा मारकर उनका मोबाइल फोन छीन लिया। फरियादी ने उनका पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन तीनों बदमाश स्कूटर लेकर मौके से भाग निकले। लूटे गए मोबाइल की कीमत 11 हजार रुपये बताई गई है। घटना के बाद वह घर चले गये, लेकिन वारदात के बारे में किसी को नहीं बताया। अगले दिन बेटे को घटना की जानकारी दी और बाद में थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले में आगे की जॉच कर रही है। जुनेद / 16 मार्च