व्यापार
16-Mar-2026
...


सेंसेक्स 939, निफ्टी 257 अंक ऊपर आया मुंबई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार सोमवार को तेजी के साथ बंद हुआ । सप्ताह के पहले ही कारोबारी दिन बाजार में ये बढ़त दुनिया भर के बाजारों से मिले कमजोर संकेतों के बाद भी खरीददारी हावी रहने से आई है। आज बैंकों, ऑटो और एफएमसीजी क्षेत्रों के शेयरों में आये उछाल से बाजार ऊपर आया है। दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 939 अंक बढ़कर 75,502.85 पर बंद हुआ जबकि 50 शेयरों वाला एनएनई निफ्टी 257.70 अंक उछलकर 23,408.80 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 75,805.27 जबकि निफ्टी 23,502 के अपने दिन के शीर्ष स्तर पर पहुंचा। इस दौरान व्यापक बाजारों का प्रदर्शन बेंचमार्क सूचकांकों से कमजोर रहा। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 0.43 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.65 फीसदी की गिरावट रही। सेक्टरवार देखें तो, निफ्टी ऑटो में सबसे ज्यादा 1.67 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। वहीं निफ्टी एफएमसीजी में 1.14 फीसदी, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज में 1.50 फीसदी और निफ्टी बैंक में 1.22 फीसदी की तेजी रही। वहीं, निफ्टी रियल्टी में 1.57 फीसदी की गिरावट रही। इसके अलावा, निफ्टी ऑयल एंड गैस इंडेक्स में 1.58 फीसदी वहीं निफ्टी आईटी 0.10 फीसदी गिरा। निफ्टीमें बीईएल, मैक्स हेल्थकेयर, विप्रो, कोल इंडिया, ओएनजीसी, डॉ. रेड्डीज, सन फार्मा, श्रीराम फाइनेंस, सिप्ला और पावर ग्रिड के शेयरों में 1 फीसदी से अधिक की गिरावट रही जबकि अल्ट्राटेक सीमेंट, ग्रासिम इंडस्ट्रीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इटरनल, ट्रेंट, एचडीएफसी, बजाज फाइनेंस, जेएसडब्ल्यू और बजाज-ऑटो के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी रही। इससे पहले आज बाजार की सपाट शुरुआत हुई। सुबह बीएसई सेंसेक्स ‎गिरावट के साथ करीब 74,415 अंक पर खुला। वहीं ‎निफ्टी भी लगभग सपाट स्तर पर 23,116 अंक पर खुला। शुरुआती कारोबार में इसमें भी मामूली उतार-चढ़ाव देखने को मिला। विशेषज्ञों के अनुसार बाजार पर मध्य पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव से निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी भी बाजार के लिए चिंता का कारण बनी हुई है। दूसरी ओर रुपये में कमजोरी और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली से भी बाजार पर विपरीत प्रभाव पड़ा है। ईएमएस 16 मार्च 2026