नई दिल्ली (ईएमएस)। कृष्णा नगर में दिनदहाड़े एक महिला से लूटपाट करने वाले बदमाश अभी भी फरार हैं। इन बदमाशों ने पहले ऋषभ विहार में एक कारोबारी को लूटने का प्रयास किया था, लेकिन असफल रहे। कृष्णा नगर इलाके में दिन-दहाड़े एक महिला को लूटने वाले बदमाश अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। महिला को निशाना बनाने से पहले, इन्हीं बदमाशों ने ऋषभ विहार में सुबह की सैर पर निकले एक कारोबारी को बंदूक की नोक पर लूटने की कोशिश की थी। वहां नाकाम रहने के बाद, वे दोबारा वारदात को अंजाम देने के मौके की तलाश में तीन किलोमीटर दूर तक गए, और आखिरकार उन्होंने कनिका मेहता नाम की एक महिला से बंदूक की नोक पर उसकी सोने की चूड़ी लूट ली। जब महिला ने विरोध किया, तो बदमाशों ने पिस्तौल के बट से उसके सिर पर वार किया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई और उसके सिर से खून बहने लगा। ये बदमाश सड़कों पर लगातार लूटपाट करते रहे, लेकिन उन्हें अपने पूरे रास्ते में कहीं भी पुलिस नजर नहीं आई। कारोबारी धर्मेंद्र जैन की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए, आनंद विहार पुलिस स्टेशन ने लूट के प्रयास सहित कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/18/मार्च /2026