जबलपुर, (ईएमएस)। गोहलपुर पुल के चौड़ीकरण हेतु प्राप्त टेण्डर को खोलकर शीघ्र ही वर्क आर्डर जारी किया जायेगा। इसके बाद तत्काल आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरी कर 31 मार्च के पूर्व में ही चौड़ीकरण के कार्य का भूमिपूजन किया जायेगा। यह घोषणा बुधवार को महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने की है। उन्होंने बताया कि चौड़ीकरण कार्य तीव्र गति से होगा, जिससे जून माह में पुल के एक साईड से यातायात शुरू हो सकेगा। महापौर से बुधवार को नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच ने गोहलपुर पुल के चौड़ीकरण के संबंध में चर्चा की। उल्लेखनीय है कि पूर्व में 10 जनवरी को चौड़ीकरण के संबंध में निविदा सूचना जारी की गई थी, किंतु एक ही टेण्डर मिलने के कारण 27 फरवरी को द्वितीय निविदा सूचना जारी करना पड़ी थी। इस निविदा की अंतिम तिथि 16 मार्च थी। निविदा में कार्य की लागत 3 करोड़ 3 हजार एक सौ पच्चीस रूपयों की बताई गई है। चर्चा में डॉ.पी. जी. नाजपांडे, रजत भार्गव, एड. वेदप्रकाश अधौलिया. सुशीला कनौजियाआदि शामिल थे। सुनील साहू / मोनिका / 18 मार्च 2026/ 04.53