काठमांडू (ईएमएस)। नेपाल में लैंडिंग के दौरान एक हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। रिपोर्ट के मुताबिक हेलिकॉप्टर खोटांग जिले में खेत में लैंडिंग करने की कोशिश कर रहा था। कंपनी के मुताबिक हेलिकॉप्टर में 5 यात्री सवार थे। खोटांग जिले की मुख्य जिला अधिकारी रेखा कंडेल ने बताया कि यह हेलिकॉप्टर सुबह करीब 11:51 बजे क्रैश हुआ। यह काठमांडू से लाया जा रहा था। इसमें एक शव भी ले जाया जा रहा था। अधिकारी ने कहा कि अभी तक किसी की मौत नहीं हुई है और बाकी जानकारी अभी आनी बाकी है। कंपनी ने बताया कि हेलिकॉप्टर में सवार एक यात्री घायल हुआ है, जबकि पायलट और बाकी यात्री सुरक्षित हैं। घायल को निकालने के लिए दूसरा हेलिकॉप्टर भेजा गया है। शुरुआती जांच के अनुसार, तेज हवा या लैंडिंग के दौरान उठी धूल इस हादसे की वजह हो सकती है। कंपनी के अनुसार पायलट का नाम सबिन थापा है। फिलहाल इस मामले में और जानकारी का इंतजार है। आशीष दुबे / 18 मार्च 2026