क्षेत्रीय
18-Mar-2026


मुरैना ( ईएमएस ) | शासन के निर्देशानुसार रबी विपणन वर्ष 2025-26 हेतु भावांतर योजना के अंतर्गत सरसों की समर्थन मूल्य पर खरीदी प्रारंभ करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने पत्र के माध्यम से समस्त अनुविभागीय अधिकारियों (एसडीएम), उप संचालक कृषि, जिला आपूर्ति अधिकारी, जिला विपणन अधिकारी तथा सभी तहसीलदारों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने निर्देशित किया है कि अपने-अपने क्षेत्राधिकार अंतर्गत कृषि उपज मंडियों में कार्यरत व्यापारियों के पास उपलब्ध सरसों के स्टॉक का भौतिक सत्यापन 20 मार्च 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सरसों खरीदी कार्य 23 मार्च 2026 से प्रारंभ किया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारी शासन द्वारा जारी व्यापारियों की सूची का परीक्षण करें तथा यह सुनिश्चित करें कि सरसों का व्यापार करने वाले प्रमुख व्यापारियों द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में क्रय की गई सरसों का मंडीवार विवरण संकलित कर उसका स्थल निरीक्षण के माध्यम से सत्यापन किया जाए। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया पारदर्शिता सुनिश्चित करने एवं समर्थन मूल्य पर खरीदी कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।