क्षेत्रीय
18-Mar-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). शहर में राजस्व बकायादारों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। लाखों रुपए की बकाया राशि न चुकाने पर दो व्यापारियों की दुकानों को सील कर दिया गया, जबकि कार्रवाई की भनक लगते ही कई बकायादारों ने मौके पर ही भुगतान कर दिया। कलेक्टर मृणाल मीणा के निर्देश पर तहसीलदार सुनील वर्मा और राजस्व टीम द्वारा शहर में बकायादारों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। राजस्व वसूली के तहत संपत्ति कुर्की की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बकाया राशि का भुगतान नहीं करने पर प्रशासन ने दो व्यापारियों—मणि जैन और राकेश गुप्ता की दुकानों को सील कर दिया। जानकारी के अनुसार राकेश गुप्ता पर 120632 रुपए की बकाया राशि थी। भुगतान न करने पर उनके मद्रास कैफे रेस्टोरेंट और कपड़े की दुकान को प्रशासन ने सील कर दिया। वहीं मणि जैन पर 120500 रुपए की डायवर्सन राशि बकाया थी। राशि जमा न करने पर उनके घर से संचालित दुकान पर भी ताला जड़ दिया गया। मणि जैन की दुकान पर कार्रवाई के दौरान विवाद की स्थिति भी निर्मित हुई। तहसीलदार सुनील वर्मा ने बताया कि विवाद करने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। टीम पहुंचते ही जमा हुए लाखों रुपए राजस्व टीम जब अन्य बकायादारों के यहां कुर्की कार्रवाई के लिए पहुंची तो कार्रवाई के डर से तीन बकायादारों ने मौके पर ही 2.41 लाख रुपए की राशि जमा कर दी। इससे साफ है कि प्रशासन की सख्ती का असर भी देखने को मिल रहा है। प्रशासन के अनुसार अभी भी करीब 20 लाख रुपए से अधिक की राजस्व वसूली शेष है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बकाया राशि जमा नहीं करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। भानेश साकुरे / 18 मार्च 2026