क्षेत्रीय
18-Mar-2026
...


प्रशासनिक अमले ने अलग-अलग स्थानों पर की छापामार कार्यवाही बालाघाट (ईएमएस). जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने के लिए प्रशासन लगातार छापेमार कार्रवाई कर रहा है, लेकिन इसके बावजूद नियमों की खुलेआम अनदेखी जारी है। ताजा मामले में प्रशासन ने पांच प्रतिष्ठानों से 15 सिलेंडर जब्त किए हैं, जिससे साफ है कि कार्रवाई का असर जमीन पर नजर नहीं आ रहा। प्रशासनिक अमले द्वारा उकवा, जगनटोला, चांगोंटोला, बुढिय़ागांव और तिरोड़ी में छापामार कार्यवाही कर जब्त किए गए सिलेंडर इसका उदाहरण है। कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देश पर जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासनिक अमला विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर होटल, ढाबा और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच कर रहा है। जांच के दौरान पाया गया कि कुछ प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक कार्यों के लिए किया जा रहा था, जो नियमों का उल्लंघन है। इस पर कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने पांच अलग-अलग प्रतिष्ठानों से कुल 15 सिलेंडर जब्त किए हैं। अधिकारियों के अनुसार घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग न केवल नियम विरुद्ध है, बल्कि इससे सुरक्षा संबंधी खतरे भी उत्पन्न हो सकते हैं। इसी कारण इस प्रकार के मामलों में सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, व्यापारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे केवल व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का ही उपयोग करें। उकवा, जगनटोला से 9 सिलेंडर जब्त जानकारी के अनुसार 18 मार्च को कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी अश्विनी देशमुख की टीम ने पुलिस के सहयोग से उकवा एवं जगनटोला क्षेत्र में छापामार कार्रवाई की। इस दौरान प्रधान आरक्षक तिलक सोनेकर एवं आरक्षक नागेश धुमकेती मौजूद थे। कार्रवाई के दौरान राजवीर होटल, रेंज ऑफिस उकवा में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करते हुए पाया गया। मौके पर 14.2 किलोग्राम का एक घरेलू गैस सिलेंडर और 5 किलोग्राम का एक अन्य घरेलू सिलेंडर जब्त किया गया। दोनों सिलेंडरों को जब्त कर चित्राक्षी गैस एजेंसी उकवा के प्रबंधक को सुपुर्द कर दिया गया। इसके अलावा सिलाई सेंटर, रेंज ऑफिस उकवा की जांच के दौरान 14.2 किलोग्राम के तीन खाली घरेलू गैस सिलेंडर अवैध रूप से संग्रहित पाए गए। इन्हें भी मौके पर जब्त कर गैस एजेंसी को सुपुर्दगी में दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई में 9 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। चांगोंटोला, बुढिय़ागांव में 4 प्रकरण दर्ज प्रशासनिक अमले के संयुक्त जांच दल ने 17 मार्च को चांगोंटोला एवं बुढयि़ागांव क्षेत्र में छापामार कार्रवाई करते हुए 4 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। यह कार्रवाई डीएस मरावी नायब तहसीलदार लामता, पीएस वलाड़ी कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी बालाघाट और थाना प्रभारी चांगोंटोला के नेतृत्व में की गई। जांच के दौरान बस स्टैंड चांगोंटोला स्थित गुरजीत उइके के चाय-समोसा ठेले से 1 घरेलू गैस सिलेंडर, हाई स्कूल के पीछे चांगोंटोला में पवन राठौर के होटल से 1 सिलेंडर, बाजार चौक बुढिय़ागांव में जयराम पिछोड़े के चाय-समोसा सेंटर से 1 सिलेंडर और महेश पगरवार की कपड़ा दुकान में उपभोक्ताओं के लिए चाय बनाते समय 1 घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग करते पाए जाने पर जब्ती की गई। सभी प्रकरणों में द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय और वितरण विनियमन) आदेश 2000 के तहत कार्रवाई करते हुए चारों मामलों को न्यायालय कलेक्टर बालाघाट में अग्रिम कार्यवाही हेतु प्रेषित किया गया है। सख्ती के बावजूद जारी है उल्लंघन प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई और चेतावनी के बावजूद कई व्यवसायी नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग न केवल अवैध है, बल्कि इससे सुरक्षा संबंधी खतरे भी बढ़ जाते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग गंभीर सुरक्षा खतरा पैदा कर सकता है। इसके बावजूद कुछ व्यवसायी अधिक मुनाफे के लालच में नियमों को ताक पर रख रहे हैं। लगातार हो रही कार्रवाई के बावजूद उल्लंघन रुक नहीं रहा है, जिससे प्रशासन की सख्ती पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। आम लोगों में भी इसको लेकर चिंता बनी हुई है। भानेश साकुरे / 18 मार्च 2026