क्षेत्रीय
18-Mar-2026


बालाघाट (ईएमएस). प्रदेश में 19 मार्च से जल गंगा संवर्धन अभियान की शुरुआत की जा रही है। इस अभियान के तहत बालाघाट जिले में भी जल संरक्षण और संवर्धन के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जाएंगे। यह अभियान 19 मार्च से प्रारंभ होकर 30 जून तक संचालित रहेगा। अभियान के अंतर्गत पानी की हर बूंद का संरक्षण लक्ष्य रखते हुए विभिन्न योजनाए लागू की जाएगी। शासकीय भवनों में रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित किए जाएंगे, जिससे वर्षा जल का संग्रहण सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही जिले में तालाबों का गहरीकरण, स्टॉप डेम और चेक डैम का निर्माण, कंटूर ट्रेंच जैसी संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा, जिससे भू-जल स्तर में वृद्धि हो सके। जल स्रोतों की सफाई एवं पुरानी बावडिय़ों के संरक्षण का कार्य भी प्राथमिकता से किया जाएगा। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा हैंडपंप एवं नल-जल योजनाओं के जल स्रोतों की नियमित सफाई, स्वच्छता बनाए रखने तथा सोख पिट निर्माण के कार्य किए जाएंगे, ताकि जल स्रोत सुरक्षित और टिकाऊ बने रहें। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और जल संरक्षण के प्रयासों को सफल बनाने में सहयोग करें, जिससे आने वाली पीढिय़ों के लिए जल संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके। भानेश साकुरे / 18 मार्च 2026