व्यापार
19-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी आने वाले महीनों और वर्षों में करीब 10 नए मॉडल लॉन्च करने की योजना पर काम कर रही है। इन मॉडलों में हाइब्रिड टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रिक कारें, माइक्रो एसयूवी और प्रीमियम एमपीवी जैसे कई विकल्प शामिल होंगे। कंपनी अब केवल माइलेज ही नहीं, बल्कि एडवांस फीचर्स और सेफ्टी टेक्नोलॉजी पर भी विशेष ध्यान दे रही है। मारुति अपनी लोकप्रिय सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी ब्रेजा को नए अपडेट के साथ पेश करने की तैयारी में है। इसमें नई फ्रंट ग्रिल, अपडेटेड बंपर, एलईडी हेडलाइट्स और नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स दिए जा सकते हैं, जिससे इसका लुक पहले से ज्यादा आकर्षक होगा। इसके अलावा फ्रोंक्स सीरीज हाइब्रिड कंपनी की पहली ऐसी कार होगी, जिसमें सीरीज हाइब्रिड तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इसमें 1.2 लीटर इंजन बैटरी चार्ज करने के लिए जनरेटर का काम करेगा, जबकि पहियों को इलेक्ट्रिक मोटर चलाएगी। इस कार से लगभग 35 किलोमीटर प्रति लीटर तक माइलेज मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। कंपनी ग्रैंड विटारा का फेसलिफ्ट वर्जन भी 2026 के अंत तक लॉन्च कर सकती है। इसमें नई ग्रिल, अपडेटेड एलईडी लाइट्स और बेहतर इंटीरियर मिलने की संभावना है। वहीं, नई बलेनो में भी हाइब्रिड इंजन के साथ लेवल-2 अडास और 360 डिग्री कैमरा जैसे आधुनिक फीचर्स जोड़े जा सकते हैं। मारुति इलेक्ट्रिक सेगमेंट में भी तेजी से कदम बढ़ा रही है। कंपनी वायएमसी कोडनेम वाली इलेक्ट्रिक एमपीवी और ईडब्ल्यूएक्स नाम की छोटी इलेक्ट्रिक हैचबैक पर काम कर रही है। ईडब्ल्यूएक्स एक बार चार्ज करने पर करीब 250 से 260 किलोमीटर की रेंज दे सकती है। सुदामा/ईएमएस 19 मार्च 2026