व्यापार
19-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत के तेजी से बढ़ते इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में इंडिया यामाहा मोटर ने अपनी एंट्री कर ली है। इंडिया यामाहा मोटर कंपनी ने अपने पहले इलेक्ट्रिक स्कूटर यामाहा ईसी-06 के साथ इस सेगमेंट में कदम रखा है। कंपनी के लिए फरवरी 2026 बिक्री का पहला महीना रहा, जिसमें इस मॉडल की 92 यूनिट्स की होलसेल बिक्री दर्ज की गई। कंपनी ने नवंबर 2025 में घरेलू बाजार के लिए इस ई-स्कूटर को पेश किया था। इसके बाद 12 जनवरी 2026 को कर्नाटक के होसकोटे स्थित रिवर मोबिलिटी के प्लांट में कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग प्रोग्राम के तहत इसका उत्पादन शुरू हुआ। तीन सप्ताह बाद 2 फरवरी को इसे 1,67,600 रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत पर लॉन्च किया गया। फिलहाल यह इलेक्ट्रिक स्कूटर कर्नाटक, तमिलनाडु और महाराष्ट्र के चुनिंदा शहरों में कंपनी के प्रीमियम ‘ब्लू स्क्वायर’ शोरूम के जरिए उपलब्ध कराया जा रहा है। सीमित नेटवर्क के कारण शुरुआती बिक्री के आंकड़े कम रहे हैं, लेकिन कंपनी को उम्मीद है कि जैसे-जैसे इसकी उपलब्धता और डीलर नेटवर्क बढ़ेगा, इसकी बिक्री में भी तेजी आएगी। भारतीय बाजार में इसका मुकाबला ओला इलेक्ट्रिक, टीवीएस मोटर कंपनी, बजाज ऑटो, अथेर एनर्जी और हीरो मोटोकार्प जैसी कंपनियों के इलेक्ट्रिक मॉडलों से होगा। इस स्कूटर को यामाहा और बेंगलुरु स्थित स्टार्टअप रिवर मोबिलिटी ने मिलकर विकसित किया है। फीचर्स की बात करें तो ईसी-06 में 4केडब्ल्यूएच बैटरी, 6.7 केडब्ल्यू (करीब 9 हॉर्सपावर) की पीक पावर और 26 एनएम का टॉर्क मिलता है। इसकी टॉप स्पीड 79 किमी प्रति घंटा है और एक बार चार्ज करने पर यह करीब 169 किमी तक चल सकता है। इसके अलावा स्कूटर में 24.5 लीटर का अंडर-सीट स्टोरेज भी दिया गया है, जो इसे रोजमर्रा के उपयोग के लिए सुविधाजनक बनाता है। मालूम हो कि यामाहा ने जनवरी 2024 में रिवर मोबिलिटी में निवेश किया था, ताकि भारत के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में अपनी मौजूदगी मजबूत की जा सके। यह स्कूटर रिवर इंडी प्लेटफॉर्म पर आधारित है, लेकिन इसमें डिजाइन और फीचर्स के स्तर पर कई बदलाव किए गए हैं। सुदामा/ईएमएस 19 मार्च 2026