व्यापार
19-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। स्कोडा ऑटो इंडिया कंपनी अपनी लोकप्रिय मिड-साइज एसयूवी स्कोडा कुशाक के फेसलिफ्ट मॉडल की कीमतों का ऐलान 21 मार्च 2026 को करने जा रही है। कंपनी ने जनवरी 2026 में इसके अपडेटेड वर्जन की पहली झलक दिखाई थी। इसके साथ ही देशभर की डीलरशिप पर इसकी प्री-बुकिंग भी पहले से शुरू हो चुकी है। यह एसयूवी भारतीय बाजार में वर्ष 2021 से बिक रही है और अब इसे पहला मिड-साइकिल अपडेट मिलने वाला है। फेसलिफ्ट मॉडल में कुशाक के डिजाइन में कुछ अहम बदलाव किए गए हैं। नई कुशाक का एक्सटीरियर काफी हद तक कंपनी की बड़ी एसयूवी स्कोडा कुशाक से प्रेरित बताया जा रहा है। हालांकि इसका ओवरऑल प्रोफाइल पहले जैसा ही रहेगा, लेकिन फ्रंट हिस्से में बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इसमें नए डिजाइन के हेडलैंप, अपडेटेड फॉग लैंप और ग्रिल के साथ एलईडी डीआरएल एलिमेंट मिलने की संभावना है, जो हेडलैंप को आपस में जोड़ सकता है। इसके अलावा ग्रिल और एयरडैम के डिजाइन में भी हल्का बदलाव किया जा सकता है। नई कुशाक में ब्लैक-आउट एलॉय व्हील्स दिए जाने की उम्मीद है। वहीं पीछे की तरफ पतले टेललैंप और टेलगेट पर कनेक्टेड एलईडी स्ट्रिप जैसे बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इंजन विकल्प की बात करें तो फेसलिफ्टेड कुशाक में मौजूदा पावरट्रेन बरकरार रहने की उम्मीद है। इसमें 1.0-लीटर पेट्रोल इंजन और 1.5-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन का विकल्प मिलेगा, जो मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ आएगा। नए अपडेट के साथ कंपनी इस एसयूवी को पहले से ज्यादा आधुनिक और प्रतिस्पर्धी बनाने की तैयारी कर रही है। इसमें पैनोरमिक सनरूफ और 360-डिग्री कैमरा जैसे आधुनिक फीचर शामिल किए जा सकते हैं। सुरक्षा के लिहाज से इसमें लेवल-2 एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (अडास) मिलने की भी पुष्टि हो चुकी है। सुदामा/ईएमएस 19 मार्च 2026