व्यापार
19-Mar-2026


नई दिल्ली,(ईएमएस)। पश्चिम-एशिया क्षेत्र में ईरान और अमेरिका युद्ध की वजह से लगातार बिगड़ते हालातों के बीच मंगलवार को सरकार ने एक बार फिर से दोहराया है कि देश में पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। तेल रिफाइनरियां अपनी 100प्रतिशत क्षमता के साथ उत्पादन कर रही हैं। वहीं, ये भी साफ किया कि एलपीजी के मामले को लेकर हालात चिंताजनक ही बने हुए हैं। लेकिन किसी भी गैस वितरक के पास कमी या ड्राई आउट की कोई सूचना नहीं है। हालांकि इन सबके बीच केंद्र इस कोशिश में लगा हुआ है कि एलपीजी के सभी कमर्शियल उपभोक्ताओं को पीएनजी की ओर स्थानांतरित कर दिया जाए। क्योंकि यह सभी के लिए लाभकारी साबित होगा। इसी क्रम में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को 16 मार्च को एक पत्र लिखकर कहा गया कि पीएनजी से जुड़े पाइपलाइन बिछाने के जितने लंबित आवेदन हैं। उन्हें तत्काल आधार पर मंजूरी दी जाए। साथ ही इस संबंध में आने वाले नए आवेदनों को 24 घंटे में मंजूरी प्रदान की जानी चाहिए। गेल की बैठक के बाद विभिन्न गैस कंपनियां उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन लेने को लेकर छूट दे रही हैं। बावजूद इन प्रयासों के सिलेंडर की पैनिक बुकिंग का आंकड़ा 70 लाख तक पहुंच गया है। देशवासी घबराएं नहीं, पैनिक बुकिंग से परहेज करते हुए सिलेंडर की बुकिंग ऑनलाइन ही करें। जिसकी डिलीवरी पहले की तरह आपके घर पर ही जाएगी। ये जानकारी मंगलवार को राजधानी में आयोजित की गई अंतर मंत्रालयी प्रेस वार्ता में केंद्रीय पेट्रोलियम-प्राकृतिक गैस मंत्रालय (मार्केटिंग-तेल रिफाइनरी) में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने दी है। दिल्ली में 600, मप्र. में 1800 सिलेंडर जब्त हुए सुजाता शर्मा ने बताया कि बीते कुछ दिनों में देश में छापेमारी का आंकड़ा 12 हजार पर पहुंच गया है। जिसमें लगभग 15 हजार एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए हैं। दिल्ली में सोमवार को 600 सिलेंडर जब्त किए गए। मध्य-प्रदेश में लगभग 1200 छापे मारे गए और 1800 सिलेंडर जब्त किए गए हैं। वहीं, उत्तर-प्रदेश में पिछले कुछ दिनों में लगभग 450 जगहों पर औचक निरीक्षण और छापेमारी हुई है। 10 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। जम्मू-कश्मीर में 564 छापे मारे गए हैं, एफआईआर और गिरफ्तारी भी हुई है। केरल में लगभग 1 हजार छापेमारी और जांच हुई, जिसमें घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर जब्त किए गए हैं। तेल मार्केटिंग कंपनियों की टीमें सतर्क हैं और वो भी छापे मार रही हैं। करीब 2 हजार 500 रिटेल आउटलेट और एलपीजी वितरकों के पास जाकर औचक जांच की गई है। एलपीजी लेकर पहुंचे 2 जहाज केंद्रीय जहाजरानी मंत्रालय में विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने कहा कि कतर से होर्मुज जलडमरूमध्य होते हुए 46 हजार 500 मीट्रिक टन एलपीजी लेकर नंदा देवी जहाज 17 मार्च को सुरक्षित गुजरात पहुंच गया है। ये खाड़ी से सुरक्षित देश पहुंची एलपीजी की दूसरी खेप है। दोनों जहाजों से गैस का वितरण किया जा रहा है। नंदा देवी से मदर शिप से डाटर शिप पर एलपीजी डिस्चार्ज किया जा रहा है। बंदरगाहों पर जहाजों की गतिविधियों और आवागमन को सुचारू बनाने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। जवाहर लाल नेहरू बंदरगाह के अलावा चिदंबरम नाथ बंदरगाह (तूतीकोरिन) में कंटेनरों की स्टोरेज के लिए 90 हजार वर्ग मीटर का अतिरिक्त स्थान दिया गया है। वीरेंद्र/ईएमएस 19 मार्च 2026