क्षेत्रीय
21-Mar-2026


खरगोन (ईएमएस)। ईद उल फितर का त्यौहार नगर में खुशनुमा माहौल के बीच मनाया गया। ईद का उत्साह सुबह से ही छाने लगा था। घरों में सेवई की सुगंध बिखेरने लगी। इत्र की खुशबू के बीच नई पोशाक और टोपी पहने नमाजियों के कदम मस्जिदों की ओर बढऩे लगी। बड़ी ईदगाह स्थल ईद की नमाज के लिए निर्धारित समय से पूर्व ही नमाजियों से भर गया। इसी तरह आनंद नगर ईदगाह, तालाब चौक जामा मस्जिद सहित दारुल उलूम जैसी प्रमुख मस्जिद में भी अलग- अलग समय पर नमाज अदा की गई। नमाज के बाद एक-दूसरे से गले मिलकर मुबारकवाद दी गई। तालाब चौक में प्रशासनिक स्तर पर स्नेह मिलन एवं कौमी एकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लिया। यहां नमाज पढ़कर लौट रहे नमाजियों से गले मिलकर आपसी प्रेम, सौहार्द और एकता को मजबूत करने का संदेश दिया गया। बच्चों को मिली ईदी फोटो 21 मार्च-04 नमाज के बाद ईद मिलन समारोह का आयोजन शुरु हुआ, जिससे मुस्लिम बस्तियों में दिनभर आवाजाही बनी रही। दावत में सेवई के साथ अनेक प्रकार के व्यंजनों का दौर चला। दिन भर युवाओं का टोली अपने मित्रों के घर पहुंचकर ईद की खुशियां बांटते देखे गए। बच्चे, युवा, बुजुर्ग सभी ईद के उल्लास में सराबोर नजर आ रहे थे। घर के बड़े लोगो ने बच्चों को ईद मुबारक कहते ही उन्हें ईदी देकर उत्साह बढ़ाया। ईएमएस/नाजिम शेख/ 21 मार्च 2026