खेल
21-Mar-2026
...


:: 87वीं सीनियर नेशनल टेबल टेनिस स्पर्धा के रोमांचक फाइनल में सिंड्रेला दास और जीत चंद्रा की चुनौती पस्त, अंकुर-सुहाना को मिश्रित युगल का स्वर्ण :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर के अभय प्रशाल स्टेडियम में आज टेबल टेनिस के एक नए अध्याय की शुरुआत हुई। पीएसपीबी के स्टार खिलाड़ी मानव ठक्कर और यशस्वीनी घोरपड़े ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने करियर का पहला सीनियर नेशनल खिताब जीता। इस रोमांचक चैंपियनशिप के अंतिम दिन जहां एकल वर्ग में मानव और यशस्वीनी छाए रहे, वहीं मिश्रित युगल में अंकुर भट्टाचार्य और सुहाना सैनी की जोड़ी ने भी स्वर्ण पदक जीतकर अपनी चमक बिखेरी। पूरे टूर्नामेंट में अनुभव और युवा जोश के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली, जिसने दर्शकों को अंत तक रोमांचित किया। पुरुष एकल के खिताबी संघर्ष में शीर्ष वरीयता प्राप्त मानव ठक्कर ने अपनी बादशाहत सिद्ध करते हुए रेलवे के जीत चंद्रा को 11-2, 11-4, 6-11, 11-9, 11-3 से पराजित किया। मानव ने मुकाबले की शुरुआत से ही इतनी आक्रामकता दिखाई कि पहले दो गेमों में विपक्षी खिलाड़ी असहाय नजर आए। हालांकि जीत चंद्रा ने तीसरे गेम में वापसी का सफल प्रयास किया, लेकिन मानव ने पुनः अपनी लय हासिल करते हुए पाँचवें गेम को जीतकर पहली बार राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। इससे पूर्व सेमीफाइनल में मानव ने पूर्व चैंपियन हरमीत देसाई को 11-8, 11-5, 11-7, 11-6 से सीधे गेमों में शिकस्त दी थी, वहीं जीत चंद्रा ने रोनित भांजा को सात सेटों के कड़े संघर्ष में 11-8, 11-5, 8-11, 11-4, 7-11, 7-11, 11-7 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया था। महिला एकल वर्ग का फाइनल मुकाबला किसी रोमांचक फिल्म के चरमोत्कर्ष जैसा रहा, जहाँ यशस्वीनी घोरपड़े और 16 वर्षीय सनसनी सिंड्रेला दास के बीच अंकों की श्रेष्ठता के लिए मचे घमासान ने रोमांच की सारी हदें पार कर दीं। सात सेटों तक चले इस मैराथन मुकाबले में यशस्वीनी ने अंततः 11-6, 12-14, 11-5, 9-11, 13-11, 6-11, 11-8 के स्कोर से जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यशस्वीनी ने सेमीफाइनल में सुहाना सैनी को मात दी थी, जबकि सिंड्रेला दास ने सेमीफाइनल में गत चैंपियन दीया चितले को एक सांसें रोक देने वाले मुकाबले में 7-11, 11-9, 11-7, 11-9, 3-11, 3-11, 13-11 से हराकर टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर किया था। मिश्रित युगल स्पर्धा में भी कड़ा संघर्ष देखने को मिला, जहाँ बंगाल के अंकुर भट्टाचार्य और हरियाणा की सुहाना सैनी की जोड़ी ने खिताबी जीत का स्वाद चखा। उन्होंने फाइनल में अंकित बोस और संप्रिति रॉय की जोड़ी को 11-9, 11-7, 9-11, 13-15, 12-10 से पराजित किया। इससे पहले सेमीफाइनल में अंकित-संप्रिति ने रोनित भांजा व कौशानी नाथ को 7-11, 11-9, 12-10, 8-11, 11-7 से, जबकि अंकुर-सुहाना ने आकाश पाल व पोयमंती वैश्य को 11-4, 8-11, 11-7, 8-11, 11-9 से हराकर बाहर किया था। स्पर्धा का पुरस्कार वितरण समारोह म.प्र. ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष ओम सोनी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस गरिमामय अवसर पर स्पर्धा निदेशक जयेश आचार्य, अर्जुन कोहली, प्रमोद सोनी, रिंकू आचार्य, मेसिमो कोस्टेंटीनी, नीलेश वेद, गौरव पटेल और अमित कोटिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान महाराष्ट्र की दिव्यांशी भौमिक को वर्ष की सर्वश्रेष्ठ उभरती खिलाड़ी के रूप में प्रतिष्ठित डी. विश्वा अवार्ड से सम्मानित किया गया। समारोह का सफल संचालन योगेंद्र सिंह चौहान ने किया एवं आभार प्रदर्शन शिरीष भागवत द्वारा किया गया। प्रकाश/21 मार्च 2026