खेल
21-Mar-2026


इंदौर (ईएमएस)। इंदौर के किला मैदान रोड स्थित सीटीसी वॉलीबॉल क्लब के मैदान पर रविवार, 22 मार्च को राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता होने जा रही है। एक दिन की इस स्पर्धा में मध्य प्रदेश की कई दिग्गज टीमें खिताब के लिए आपस में भिड़ेंगी। हाईलिंक ग्रुप के वीरेंद्र गुप्ता इस आयोजन के मुख्य प्रायोजक हैं। स्पर्धा सचिव नरेश दुबे और अध्यक्ष गोवर्धन रघुवंशी ने बताया कि इस टूर्नामेंट में इंदौर और भोपाल के अलावा उज्जैन, देवास, धार, झाबुआ और पिपलियाहाना की मशहूर टीमें शामिल हो रही हैं। खास बात यह है कि ये सभी मुकाबले मिट्टी के कोर्ट पर दूधिया रोशनी (फ्लड लाइट) में खेले जाएंगे। इस बार मुकाबले बेहद रोमांचक की उम्मीद है, क्योंकि ब्रदर्स क्लब और एमटीएच जैसी दिग्गज टीमों के साथ मेजबान सीटीसी क्लब की ए और बी टीमें भी मैदान पर उतरेगी। हालांकि सबकी नजरें साल 2024 की विजेता उज्जैन व गत वर्ष संयुक्त रूप से विजेता रही ब्रदर्स क्लब और सिकंदर क्लब (पिपलियाहाना) पर टिकी होंगी, जिनके सामने इस बार अपना दबदबा बरकरार रखने की कड़ी चुनौती होगी। विजेता टीम को 8,000 रुपये और उपविजेता को 5,000 रुपये का नकद इनाम और ट्रॉफी दी जाएगी। तीसरे नंबर पर रहने वाली टीम को 3,000 रुपये मिलेंगे। इसके अलावा अच्छा खेल दिखाने वाले खिलाड़ियों को बेस्ट प्लेयर, शूटर और डिफेंडर जैसे व्यक्तिगत पुरस्कारों से भी नवाजा जाएगा। आयोजन समिति ने बताया कि सभी टीमों को रविवार सुबह 10 बजे तक मैदान पर पहुंचना जरूरी है। टूर्नामेंट की सफलता के लिए विशाल रघुवंशी, दिलीप दुबे और नरेंद्र यादव सहित पूरी टीम तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है। प्रकाश/21 मार्च 2026