:: एलएनसीटी यूनिवर्सिटी में जुटेंगे देशभर के धुरंधर; 19 राज्यों के 450 खिलाड़ी दिखाएंगे दम :: भोपाल (ईएमएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल एक बार फिर राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराने जा रही है। कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया (केएआई) के तत्वावधान में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित “सीनियर नेशनल कराटे चैंपियनशिप–2026” का आगाज 23 मार्च से एलएनसीटी यूनिवर्सिटी के परिसर में होने जा रहा है। एमेच्योर कराटे एसोसिएशन, मध्य प्रदेश द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय महाकुंभ में देशभर के 19 राज्यों से लगभग 450 उत्कृष्ट खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और तकनीकी कौशल का लोहा मनवाएंगे। यह आयोजन न केवल एक खेल स्पर्धा है, बल्कि अनुशासन, मानसिक दृढ़ता और राष्ट्रीय एकता का एक जीवंत प्रतीक भी है। इस गौरवशाली आयोजन की मेजबानी मध्य प्रदेश को दिलाने में कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष और साउथ-वेस्ट कराटे एसोसिएशन के चेयरमैन डॉ. पंकज शुक्ल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। डॉ. शुक्ल ने चैंपियनशिप के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कराटे केवल आत्मरक्षा की कला नहीं, बल्कि जीवन जीने का एक संस्कार है जो व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से सुदृढ़ बनाता है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए ‘श्रृंगार बने हथियार’ की संकल्पना को साझा किया। उनका मानना है कि कराटे के माध्यम से युवतियां न केवल आत्मनिर्भर बनेंगी, बल्कि उनमें साहस और आत्मविश्वास का नया संचार भी होगा। चैंपियनशिप के दौरान होने वाले मुकाबलों में अंडर-21 और सीनियर वर्ग के व्यक्तिगत कुमिते के साथ-साथ काता एवं टीम काता की स्पर्धाएं मुख्य आकर्षण रहेंगी। निष्पक्ष और संतुलित मुकाबलों के लिए खिलाड़ियों को विभिन्न भार श्रेणियों में विभाजित किया गया है। महिला वर्ग में -45 किग्रा, -50 किग्रा, -55 किग्रा, -61 किग्रा, -68 किग्रा एवं +68 किग्रा श्रेणियों में कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी। वहीं, पुरुष वर्ग में -50 किग्रा, -55 किग्रा, -60 किग्रा, -67 किग्रा, -75 किग्रा, -84 किग्रा एवं +84 किग्रा भार वर्गों में देशभर के धुरंधर अपनी मारक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन 23 मार्च को दोपहर 12:00 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसमें कराटे एसोसिएशन के अध्यक्ष बैकुंठ सिंह और महासचिव योगेश कालरा सहित खेल जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियां शिरकत करेंगी। आयोजन समिति के अध्यक्ष जयदेव शर्मा के मार्गदर्शन में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सभी तकनीकी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। तकनीकी समिति के चेयरमैन शिहान अमित गुप्ता और सचिव शिहान परितोष शर्मा की देखरेख में मुकाबलों का निष्पक्ष संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। इस राष्ट्रीय स्पर्धा में मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, हरियाणा और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों की भागीदारी से न केवल खेल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि भोपाल की पहचान एक उभरते हुए राष्ट्रीय खेल केंद्र के रूप में और अधिक मजबूत होगी। प्रकाश/21 मार्च 2026 संलग्न चित्र - डॉ. पंकज शुक्ल