क्षेत्रीय
21-Mar-2026
...


मंडला (ईएमएस)। चेटीचंड महोत्सव के उपलक्ष्य में सिंधी समाज द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में हास्य नाट्य मंचन “मुहंजी शादी करायो” (मेरी शादी कराओ) का शानदार आयोजन किया गया। इस नाटक के माध्यम से वर्तमान परिवेश में युवाओं के विवाह में आ रही व्यवहारिक समस्याओं और बदलती सामाजिक परिस्थितियों को बेहद दिलचस्प और मजाकिया अंदाज में प्रस्तुत किया गया। नाटक की मुख्य विषयवस्तु छोटे शहरों में युवाओं के सामने शादी के लिए आ रही चुनौतियों पर केंद्रित रही। उम्र होने के बावजूद सही रिश्ता न मिलना, कभी लड़कों की बढ़ती डिमांड तो कभी लड़कियों की कठिन शर्तें—इन सभी पहलुओं को हास्य व्यंग्य के रूप में पिरोया गया। बाल कलाकारों ने अपने सधे हुए अभिनय से यह दिखाया कि कैसे आज का युवा विवाह के रिश्तों को लेकर कशमकश में है। यह प्रस्तुति न केवल मनोरंजन का साधन बनी, बल्कि समाज को इन गंभीर विषयों पर सोचने के लिए मजबूर भी किया। मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले कलाकारों में वीरा भिरानी, मान्या पमनानी, सानविका आलवानी, कनक सहजवानी, नम्रता गिदवानी, मिष्ठी नेभवानी, एंजल कुकरेजा, माही गिदवानी, अनवि मूलचंदानी, प्रीत इसरानी, दीपिका ककवानी, चारु मालवानी, युवराज सहजवानी, रेयांश माखीजा, शुभ जसवानी, मनन पमनानी, अबीर सिंहानी, जतिन गैलानी, निहाल पमनानी और आशीष गिदवानी शामिल रहे। इस सफल नाट्य मंचन की पटकथा और रूपरेखा तैयार करने में राशि पमनानी एवं राजुल सिंहानी की सराहनीय भूमिका रही। समाज के वरिष्ठ जनों ने बच्चों के अभिनय की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। ईएमएस/ मोहने/ 21 मार्च 2026