क्षेत्रीय
21-Mar-2026
...


माखनलाल चतुर्वेदी महाविद्यालय में जल गंगा संवर्धन अभियान पर छात्रों को किया गया जागरूक नर्मदापुरम (ईएमएस)। कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के निर्देशानुसार मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में आज माखननगर स्थित माखनलाल चतुर्वेदी महाविद्यालय में “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का उद्देश्य विद्यार्थियों को जल संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें इस जन-अभियान से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के परामर्शदाता श्री हरीश नामदेव ने छात्रों को संबोधित करते हुए बताया कि “जल गंगा संवर्धन अभियान” मध्य प्रदेश सरकार द्वारा 19 मार्च 2026 से प्रारंभ किया गया एक व्यापक 100 दिवसीय अभियान है, जो 30 जून 2026 तक संचालित होगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नदियों, तालाबों, कुओं और बावड़ियों जैसे पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण, साफ-सफाई, जीर्णोद्धार एवं पुनर्जीवन करना है। परामर्शदाता श्रीमती पूनम मीना ने अभियान के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि इसके अंतर्गत नए जल संरचनाओं का निर्माण, पुराने जल स्रोतों का सुधार, नहरों का सुदृढ़ीकरण तथा जल संचयन के कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान में लगभग 18 विभागों की सहभागिता है, जिसमें मनरेगा, अमृत 2.0 योजना तथा जनभागीदारी को विशेष महत्व दिया गया है। साथ ही जल स्रोतों के आसपास वृक्षारोपण को भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है। परामर्शदाता श्री मनीष यादव ने विद्यार्थियों को जल संरक्षण से जुड़े सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों जैसे प्रभातफेरी, कलश यात्रा, भूमिपूजन, वृक्षपूजन, जलस्त्रोत पूजन, मानस पाठ एवं सार्वजनिक प्याऊ स्थापना के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन परामर्शदाता श्री राकेश कीर द्वारा किया गया, जबकि अंत में परामर्शदाता श्री हर्ष तिवारी ने उपस्थित सभी का आभार व्यक्त किया। ईएमएस /21/03/2026