क्षेत्रीय
21-Mar-2026
...


जन अभियान परिषद के कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने दिया स्वच्छता और संवर्धन का संदेश नर्मदापुरम (ईएमएस)। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत पर्यटन घाट स्थित मां नर्मदा के पावन तट पर जन अभियान परिषद के कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों द्वारा मानव श्रृंखला बनाकर जल संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया गया। इस दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने और उनके संरक्षण हेतु सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे न केवल मां नर्मदा, बल्कि किसी भी जल स्रोत के आसपास गंदगी नहीं करेंगे और न ही किसी अन्य को ऐसा करने देंगे। उन्होंने जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की। इस अवसर पर MSW एवं BSW के छात्र-छात्राओं के साथ मेंटर्स एवं साथियों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम में श्री नीरज चतुर्वेदी, श्री अभिषेक सैनी, श्री विनीत यादव, नवांकुर संस्था से साहिल तिलोटिया, वीणा पाणि संगीत एवं सामाजिक संस्था नर्मदापुरम से आनंद नामदेव सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने मिलकर स्वच्छता का संदेश दिया और जल संरक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए समाज को जागरूक करने का आह्वान किया। ईएमएस /21/03/2026