क्षेत्रीय
21-Mar-2026


किसानों से आधुनिक कृषि यंत्रों से फसल अवशेष प्रबंधन अपनाने की अपील की नर्मदापुरम (ईएमएस)। एसडीएम इटारसी श्री निलेश शर्मा द्वारा शनिवार को क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों का निरीक्षण कर कृषकों के साथ नरवाई प्रबंधन के संबंध में विस्तृत चर्चा कर उन्हें फसल अवशेष जलाने के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे नरवाई जलाने के बजाय आधुनिक तकनीकों एवं कृषि यंत्रों का उपयोग कर उसका उचित प्रबंधन करें। एसडीएम श्री शर्मा ने बताया कि नरवाई जलाने से न केवल पर्यावरण को गंभीर क्षति होती है, बल्कि भूमि की उर्वरता भी कम होती है। इससे मिट्टी के आवश्यक पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं, वायु प्रदूषण बढ़ता है और मानव स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि नरवाई जलाने से निकलने वाला धुआं आसपास के क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता को प्रभावित करता है, जिससे श्वसन संबंधी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। साथ ही यह आग फैलने का खतरा भी बढ़ाता है, जिससे फसलों एवं संपत्ति को नुकसान हो सकता है। उन्होंने कृषकों को आधुनिक कृषि यंत्रों जैसे मल्चर, रोटावेटर, डिस्क हैरो आदि के माध्यम से फसल अवशेष प्रबंधन की जानकारी दी और नरवाई से भूसा बनाने की अपील की, जिससे पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता भी सुनिश्चित हो सके। निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री शर्मा ने ग्राम धाईखुर्द में फसल कटाई के उपरांत भूसा निर्माण के बाद डिस्क हैरो मशीन से तैयार किए गए खेत का अवलोकन किया। इसके साथ ही ग्राम जमानी में फसल अवशेष प्रबंधन के पश्चात प्राप्त भूसे को शासकीय गौशाला में संग्रहित करवाया गया। ईएमएस /21/03/2026