क्षेत्रीय
21-Mar-2026
...


प्राकृतिक सौंदर्य, आस्था और एडवेंचर का अनोखा संगम, पर्यटकों को मिलेगी सुरक्षित व सुविधाजनक यात्रा नर्मदापुरम (ईएमएस)। नर्मदापुरम जिले सतपुडा पर्वत श्रंखला की वादियों में बसी “सतपुड़ा की रानी” पचमढ़ी अपने मनमोहक प्राकृतिक सौंदर्य, शांत वातावरण, झरनों की मधुर ध्वनि और आध्यात्मिक स्थलों के कारण देश-विदेश के पर्यटकों का प्रमुख आकर्षण बनी हुई है। पर्यटन को और अधिक सुगम, व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के उद्देश्य से जिला पर्यटन कार्यालय, नर्मदापुरम द्वारा पचमढ़ी के प्रमुख पर्यटन स्थलों की एक विस्तृत एवं उपयोगी गाइड जारी की गई है। यह गाइड पर्यटकों को न केवल विभिन्न स्थलों की जानकारी उपलब्ध कराती है, बल्कि यह भी बताती है कि किन स्थानों तक कैसे पहुँचना है, उनकी दूरी कितनी है तथा कहाँ अनुमति आवश्यक है। इससे पर्यटकों की यात्रा अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और यादगार बन सकेगी। पचमढ़ी—हर कदम पर नया अनुभव पचमढ़ी में आस्था, इतिहास और प्रकृति का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। धार्मिक स्थलों में जटाशंकर गुफा, गुप्त महादेव, बड़ा महादेव मंदिर तथा चौरागढ़ महादेव विशेष आकर्षण हैं। वहीं पांडव गुफाएं ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व के लिए प्रसिद्ध हैं। प्राकृतिक सौंदर्य के अंतर्गत बी फॉल (जमुना प्रपात), अप्सरा विहार, डचेस फॉल तथा रजत प्रपात पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। सूर्योदय एवं सूर्यास्त के अद्भुत दृश्यों के लिए धूपगढ़, प्रियदर्शिनी पॉइंट, हांडी खोह, ईको पॉइंट और ग्रीन वैली प्रमुख स्थल हैं। इसके अलावा पचमढ़ी झील, बेगम पैलेस तथा सतपुड़ा राष्ट्रीय उद्यान जैसे स्थल भी यात्रा को और अधिक खास बनाते हैं। पर्यटकों के लिए जरूरी सुझाव गाइड में पर्यटकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं, जिनमें कुछ स्थलों के लिए वन विभाग की अनुमति, निर्धारित समय एवं मार्गों का पालन, प्लास्टिक उपयोग से बचाव तथा एडवेंचर स्थलों पर गाइड लेना अनिवार्य बताया गया है। “स्वच्छ पचमढ़ी, सुंदर पचमढ़ी” के संदेश के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया गया है। हर मौसम में खास, हर पल यादगार पचमढ़ी में लगभग 15 से 20 प्रमुख पर्यटन स्थल हैं, जो प्रकृति, रोमांच और आध्यात्मिक अनुभव का अनूठा संगम प्रस्तुत करते हैं। जिला पर्यटन कार्यालय द्वारा जारी यह नई गाइड पर्यटकों को एक संपूर्ण, सुरक्षित और यादगार यात्रा अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी। ईएमएस /21/03/2026