क्षेत्रीय
21-Mar-2026


ग्वालियर ( ईएमएस ) । नव दुर्गा रामलीला सेवा समिति, सेक्टर-सी दीनदयाल नगर द्वारा आयोजित रासलीला महोत्सव के अंतर्गत भक्तिमति मीरा चरित्र लीला एवं भक्त नरसी (नरसी मेहता) की भावपूर्ण लीलाओं का अत्यंत मनोहारी मंचन किया गया, जिसने दर्शकों को भक्ति रस में डुबो दिया। समिति के अध्यक्ष रणविजय सिंह कुशवाह द्वारा प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी दी गई की, कलाकारों द्वारा मीरा चरित्र लीला में भगवान श्रीकृष्ण के प्रति उनकी अटूट श्रद्धा, प्रेम और समर्पण का सजीव चित्रण प्रस्तुत किया गया। मीरा की भक्ति, त्याग और उनके जीवन के संघर्षों को देखकर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। वहीं भक्त नरसी की लीला में उनकी निष्कलंक भक्ति, भगवान के प्रति अटूट विश्वास एवं कठिन परिस्थितियों में भी उनकी अडिग आस्था का अत्यंत मार्मिक प्रदर्शन किया गया। इस प्रस्तुति ने दर्शकों को यह संदेश दिया कि सच्चे मन से की गई भक्ति में अपार शक्ति होती है और भगवान सदैव अपने भक्तों की रक्षा करते हैं। कार्यक्रम के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं ने भावपूर्वक लीलाओं का रसपान कर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की।