-कहा-पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता के मुद्दे पर झूठ बोल रही है सरकार फिरोजाबाद(ईएमएस)फिरोजाबाद पहुंचे रामगोपाल यादव ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव ने कई मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए सवाल उठाए। पेट्रोल-डीजल को लेकर उन्होंने कहा कि अगर किसी तरह की कमी नहीं है, तो पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनें क्यों लग रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे पर सच नहीं बता रही है। एक्साइज ड्यूटी पर तंज कसते हुए रामगोपाल यादव ने कहा कि चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 50 रुपये तक की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बैठक को लेकर उन्होंने कहा कि इससे यह संकेत मिल सकता है कि पेट्रोल-डीजल की राशनिंग कब से शुरू होगी। पश्चिम बंगाल चुनाव पर उन्होंने दावा किया कि ममता बनर्जी दो-तिहाई बहुमत से जीत दर्ज करेंगी, साथ ही कहा कि वहां का राजनीतिक माहौल हमेशा गर्म रहता है। प्रदेश की कानून व्यवस्था पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार चरम पर है और अपराधियों में किसी तरह का डर नहीं है। जातिगत जनगणना के मुद्दे पर उन्होंने साफ कहा कि जब तक जनगणना नहीं कराई जाती, तब तक विपक्ष किसी भी परिसीमन बिल का समर्थन नहीं करेगा। इसके अलावा फिल्म “धुरंधर” को लेकर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि यह फिल्म कौन बनवा रहा है और क्यों, यह जनता भली-भांति समझती है। ईएमएस