फिरोजाबाद(ईएमएस)फिरोजाबाद में फिल्म “धुरंधर 2” को लेकर जारी विवाद के बीच एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी का बड़ा बयान सामने आया है। फिल्म देखने के बाद उन्होंने इसे देशभक्ति से भरपूर बताते हुए आम जनता से इसे देखने की अपील की है। एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी पुलिस कर्मियों के साथ सिनेमा हॉल पहुंचे और फिल्म “धुरंधर 2” देखी। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह फिल्म देशभक्ति की भावना को दर्शाती है और देश के प्रति समर्पण का संदेश देती है। उन्होंने कहा, “यह फिल्म देशभक्तों के लिए है, इसमें देश प्रेम दिखाया गया है। सभी लोगों को यह फिल्म देखनी चाहिए।” फिल्म में अतीक अहमद के किरदार को लेकर हो रहे विवाद पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। एसपी ग्रामीण ने साफ कहा कि अतीक अहमद देशभक्त नहीं, बल्कि एक अपराधी था। पुलिस जांच में उसके खिलाफ कई तथ्य सामने आए थे और उसने खुद भी अपने अपराध कबूल किए थे। उन्होंने यह भी कहा कि इस मुद्दे पर अनावश्यक बयानबाजी से बचना चाहिए और फिल्म को उसके मूल संदेश के आधार पर देखना चाहिए। एसपी ग्रामीण के इस बयान के बाद जिले में फिल्म को लेकर चर्चा और तेज हो गई है। वहीं प्रशासनिक स्तर पर भी फिल्म को सकारात्मक संदेश देने वाली बताया जा रहा है। ईएमएस