क्षेत्रीय
28-Mar-2026
...


- मारपीट के बाद युवक ने जहर खाकर की आत्महत्या की कोशिश बालोद(ईएमएस)। जिले में सट्टा लिखने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसा और आत्महत्या की कोशिश तक पहुंच गया। बालोद थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के बाद एक युवक ने आहत होकर जहर सेवन कर लिया, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, घटना दो दिन पहले की है। घायल युवक चुरामन साहू सट्टा नंबर लिखाने रेलवे कॉलोनी स्थित नजीर खान और फैज खान की दुकान पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि नजीर खान और फैज खान ने अपने माता-पिता के साथ मिलकर युवक की जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसकी नाक में गंभीर चोटें आईं। घटना के दौरान युवक ने अपना वीडियो भी बनाया था। मारपीट के बाद चुरामन साहू ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। वहीं दूसरी ओर आरोपियों ने भी युवक के खिलाफ काउंटर एफआईआर दर्ज कराई। काउंटर एफआईआर से आहत होकर युवक ने जहर सेवन कर खुदकुशी करने की कोशिश की। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)28 मार्च 2026