क्षेत्रीय
28-Mar-2026
...


कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले में मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत 26 मार्च को घटित घटना में आरोपियों ने पहले एक युवक से लिफ्ट मांगी, फिर बेरहमी से मारपीट कर उसकी बाइक और नकदी लूट ली। जानकारी के अनुसार पीड़ित मानिकपुर निवासी किसी निजी कार्य से कोरबा गया हुआ था और वापस लौट रहा था। इसी दौरान मानिकपुर बाजार के पास दो अज्ञात युवकों ने उसे रोककर लिफ्ट मांगी। बातचीत के दौरान अचानक दोनों आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। उन्होंने उसकी पिटाई की और उसकी बाइक के साथ करीब 2000 रुपये नकद लूटकर मौके से फरार हो गए। किसी तरह घायल अवस्था में योगेश मानिकपुर चौकी पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए दोनों कथित आरोपियों को पकड़ लिया। जांच में सामने आया कि दोनों युवक नशे के आदी हैं और अपनी लत को पूरा करने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया। उनके द्वारा जुर्म कबूल कर लेने पर मानिकपुर चौकी पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं पर सख्ती से कार्यवाही जारी रहेगी, ताकि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। 28 मार्च / मित्तल