क्षेत्रीय
28-Mar-2026
...


ब्यावरा(ईएमएस)l पुलिस अधीक्षक र अमित तोलानी , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे एवं एसडीओपी ब्यावरा प्रकाश शर्मा के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में थाना देहात ब्यावरा पुलिस द्वारा बालिका के साथ छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को त्वरित कार्यवाही करते हुए 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। जानकारी अनुसार गत 22 मार्च को फरियादी बालिका घर पर अकेली थी। उसकी माता रिश्तेदारी में गई हुई थी एवं पिता कार्यालय गए थे। इसी दौरान आरोपी देवराज पिता हीरा सिंह, निवासी कुंडीबे थाना कालीपीठ बालिका के घर पहुंचा और रतलामी सेव का पैकेट मांगा। बालिका द्वारा दुकान बंद होने की बात कहने पर आरोपी ने बालिका को बहला-फुसलाकर अपनी गर्लफ्रेंड बनने के लिए कहा तथा बुरी नियत से उसका हाथ पकड़ लिया। बालिका के चिल्लाने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। भय के कारण बालिका ने तत्काल घटना की जानकारी किसी को नहीं दी। बाद में 24 मार्च को बालिका ने हिम्मत कर अपने परिजनों को घटना बताई, जिसके बाद उसके पिता के साथ थाना देहात ब्यावरा पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। फरियादी बालिका की शिकायत पर थाना देहात ब्यावरा में अपराध क्रमांक 0098/2026 धारा 74, 75(1)(i), 78(2), 351(3) बीएनएस एवं 7/8 पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी हेतु विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम द्वारा गहन जांच एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी देवराज को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जिसमें आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने पर उसे माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी प्रवीण जाट, एएसआई गुलाबचंद धाकड़, प्रधान आरक्षक गजराज सिंह, प्रधान आरक्षक चंद्रमोहन बघेल, आरक्षक राजेश यादव एवं आरक्षक पुष्पेंद्र आर्य का विशेष योगदान रहा।-निखिल/ब्यावरा/28/3/2026