राष्ट्रीय
28-Mar-2026
...


इथेनॉल के लिए पीएम मोदी ने वेस्ट यूपी के किसानों का किया धन्यवाद नोएडा (ईएमएस)। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाजवादी पार्टी प्रमुख और पूर्व सीएम अखिलेश यादव पर तंज कस दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि नोएडा को पहले की सरकारों ने अंधविश्वास के कारण अपने हाल पर छोड़ दिया गया था। कुर्सी जाने के डर से सीएम यहां आने से डरते थे। पीएम मोदी ने कहा कि मुझे याद है, जब उत्तरप्रदेश में सपा की सरकार थी और मैंने नोएडा आने का कार्यक्रम बनाया। तब मुख्यमंत्री इतने डरे हुए थे कि वहां उस कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। पीएम मोदी ने कहा कि मुझे भी लोगों ने डराने की कोशिश की कि नोएडा मत जाओ मोदी जी, अभी-अभी प्रधानमंत्री बने हो। तब मैंने कहा इस धरती का आशीर्वाद लेने जा रहा हूं जो मुझे लंबे समय तक सेवा करने का मौका देगी। अब वहीं इलाका पूरी दुनिया का स्वागत करने को तैयार है। ये पूरा क्षेत्र आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त कर रहा है। वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में किसानों की अहम भूमिका है। आज मैं विशेष रूप से अपने उन किसानों का दिल से धन्यवाद करना चाहूंगा जिन्होंने एयरपोर्ट परियोजना के निर्माण के लिए अपनी जमीन दी है। आपके योगदान से पूरे क्षेत्र में विकास का एक नया दौर शुरू होने वाला है। आधुनिक कनेक्टिविटी के विस्तार से पश्चिमी यूपी में खाद्य प्रसंस्करण की संभावनाएं मजबूत होंगी। अब कृषि उत्पाद वैश्विक बाजारों में और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंच सकते है। अमेरिका-ईरान जंग की बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मैं अपने किसानों का एक और बात के लिए धन्यवाद करना चाहूंगा। आपके गन्ने से उत्पादित इथेनॉल ने कच्चे तेल पर देश की निर्भरता कम हुई है। यदि इथेनॉल का उत्पादन और पेट्रोल में इसकी ब्लेंडिंग (मिश्रण) न बढ़ी होती, तब देश को हर साल विदेशों से 4.5 करोड़ बैरल कच्चा तेल आयात करना होता। हमारे किसानों की कड़ी मेहनत ने संकट के दौरान देश को बड़ी राहत दी है। देश को इथेनॉल से लाभ हुआ है और किसानों को भी बहुत फायदा पहुंचा है। करीब 1.5 लाख करोड़ रुपए की विदेशी मुद्रा की बचत हुई है। इथेनॉल के बिना यह पैसा विदेशों में चला जाता। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बीजेपी सरकार ने लगातार यह सुनिश्चित करने की कोशिश की है कि हवाई अड्डे बनें और आम लोगों के लिए हवाई किराया किफायती हो। इसके लिए हमारी सरकार ने उड़ान योजना शुरू की। इस योजना की बदौलत बीते कुछ सालों में 1.6 करोड़ से ज्यादा लोगों ने किफायती हवाई किराए पर यात्रा की है। हाल ही में, केंद्र ने उड़ान योजना का और विस्तार करते हुए करीब 29000 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। आने वाले सालों में हम छोटे शहरों में 100 नए हवाई अड्डे और 200 नए हेलीपैड बनाने की योजना बना रहे हैं। इससे उत्तर प्रदेश को भी बहुत फायदा होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि किसी भी देश में हवाई अड्डा सिर्फ आम सुविधा नहीं होता। हवाई अड्डे प्रगति को भी उड़ान देता हैं। 2014 से पहले देश में सिर्फ 74 हवाई अड्डे थे। आज देश में 160 से ज्यादा हवाई अड्डे हैं। अब बड़े शहरों के अलावा हवाई कनेक्टिविटी देश के सबसे छोटे शहरों तक भी पहुंच रही है। पिछली सरकारों का मानना ​​था कि हवाई यात्रा सिर्फ अमीरों के लिए होनी चाहिए, लेकिन बीजेपी सरकार ने आम लोगों के लिए हवाई यात्रा को आसान बना दिया है। आशीष दुबे / 28 मार्च 2026