क्षेत्रीय
28-Mar-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक 8 में बकाया राजस्व वसूली को लेकर बड़ा अभियान चलाया गया। जोन कमिश्नर श्रीमती राजेश्वरी पटेल के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने वार्ड क्रमांक 1, 2, 19, 21 एवं 70 में कार्रवाई करते हुए कुल 28 बड़े बकायादारों को चिन्हित किया। विगत कई वर्षों से डिमांड बिल, नोटिस एवं अंतिम चेतावनी के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं करने पर 14 बड़े बकायादारों के व्यवसायिक परिसरों में ताला लगाकर सीलबंदी की गई। इस सख्त कार्रवाई के बाद 9 बकायादारों ने तत्काल अपना पूरा बकाया जमा कर दिया, जबकि एक ने आंशिक भुगतान करते हुए शेष राशि 31 मार्च 2026 तक देने का आश्वासन दिया। वहीं एक अन्य बकायादार ने अगले दिन तक भुगतान करने की बात कही और 3 अन्य ने उसी दिन आरटीजीएस के माध्यम से भुगतान करने का भरोसा दिलाया। अभियान के दौरान वीर सावरकर नगर वार्ड 1, पंडित जवाहर लाल नेहरू वार्ड 2, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम वार्ड 19 और शहीद भगत सिंह वार्ड 21 में कई बड़े बकायादारों के परिसरों को सीलबंद किया गया। साथ ही कई मामलों में कार्रवाई के दौरान ही बकायादारों ने मौके पर भुगतान कर दिया। नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बकाया नहीं चुकाने वालों पर इसी तरह की कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/28 मार्च 2026