क्षेत्रीय
28-Mar-2026
...


मेंहदीवाड़ा में अवैध रुप से भंडारित मिले एलपीजी सिलेंडर बालाघाट (ईएमएस). जिले की वारासिवनी तहसील में अवैध पेट्रोल और एलपीजी गैस सिलेंडर के भंडारण व विक्रय के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। आकस्मिक निरीक्षण के दौरान भारी मात्रा में पेट्रोल और गैस सिलेंडर जब्त किए गए, जिससे क्षेत्र में हडक़ंप मच गया। शनिवार को नायब तहसीलदार वंदना कुशराम एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी निहारिका अवस्थी के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने वारासिवनी तहसील के ग्राम झालीवाड़ा, मेंहदीवाड़ा एवं कौलीवाड़ा में आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न दुकानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। कार्रवाई करते हुए टीम ने अवैध रूप से विक्रय के लिए संग्रहित करीब 50 लीटर पेट्रोल जब्त किया। इसके साथ ही ग्राम मेंहदीवाड़ा में अवैध रूप से भंडारित 22 एलपीजी गैस सिलेंडर भी जब्त किए गए। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हडक़ंप की स्थिति बन गई और कई दुकानदारों में अफरा-तफरी देखी गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति पेट्रोल और गैस सिलेंडर का भंडारण एवं विक्रय पूरी तरह अवैध है और इस तरह की गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने दुकानदारों को आवश्यक नियमों का पालन करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में यदि इस प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आगे भी इस तरह के आकस्मिक निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके। भानेश साकुरे / 28 मार्च 2026