क्षेत्रीय
28-Mar-2026
...


नागरिकों को जल संरक्षण के प्रति दिया प्रेरक संदेश नरसिंहपुर,(ईएमएस)। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत मप्र जन अभियान परिषद नरसिंहपुर के मार्गदर्शन जलशक्ति से नवभक्ति कार्यक्रम के तहत विकासखंड नरसिंहपुर के अंतर्गत आने वाले ग्राम सूरजगांव में स्थित देवी मढ़िया परिसर में रामनवमी के अवसर पर जनसहभागिता से जल मंदिर- प्याऊ की स्थापना की गई। इसका उद्देश्य भीषण गर्मी के दौरान क्षेत्र से गुजरने वाले श्रद्धालुओं एवं राहगीरों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर जिला समन्वयक मप्र जन अभियान परिषद नरसिंहपुर श्री जय नारायण शर्मा ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और इसके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने वर्षाजल को संचयन करने, जल के समुचित उपयोग तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिकाधिक पौधारोपण करने का आव्हान किया। इस अवसर पर सभी ने जल एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी ली। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक सरोकार से जुड़ा प्रेरणादायी कार्य बताया। इस अवसर पर जनपद सदस्य श्री महेश कुमार पटेल, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष सहित सदस्य और ग्राम के गणमान्य नागरिक मौजूद थे। ईएमएस/राहुल वासनिक/ 28 मार्च 2026