बालाघाट (ईएमएस). राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल द्वारा 26 मार्च को घोषित कक्षा 5 वीं एवं 8 वीं के परीक्षा परिणामों में सांदीपनि विद्यालय बालाघाट ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गौरवपूर्ण सफलता हासिल की है। विगत वर्षों की परंपरा को कायम रखते हुए इस वर्ष भी विद्यालय का परिणाम सर्वश्रेष्ठ रहा। कक्षा 5 वीं में कुल 151 विद्यार्थियों में से 148 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 3 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार कक्षा 5 वीं का परीक्षा परिणाम 98.01 प्रतिशत रहा। हिंदी माध्यम में नोमिता (राजेश गौतम) ने 92.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि निशिता बोपचे (गौरीशंकर) ने 92.25 प्रतिशत के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अंग्रेजी माध्यम में काव्या (यमलेश वंजारी) 92 प्रतिशत अंक के साथ तृतीय स्थान पर रहीं। लीवांशी पारधी (युगल किशोर) ने 91.75 प्रतिशत अंक प्राप्त कर चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार कक्षा 8 वीं में दर्ज 191 विद्यार्थियों में से 188 ने परीक्षा दी, जबकि 3 अनुपस्थित रहे। कक्षा 8 वीं का कुल परीक्षा परिणाम 98.43 प्रतिशत रहा। किंजल (सुरेन्द्र बिठले) ने 94.33 प्रतिशत अंक के साथ प्रथम स्थान, सिब्बु (योगेश पटले) 93.50 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान और भावी (किशोर हनवत) ने 93.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया। उत्कृष्ट परिणाम के पीछे शिक्षकों की सुनियोजित रणनीति रही। प्राथमिक प्रधान पाठक एमएल बनोटे (हिंदी माध्यम), अमृता मसराम (अंग्रेजी माध्यम) और माध्यमिक प्रधानपाठक जेफऱीन बाघ ने बताया कि पाठ्यक्रम का योजनाबद्ध तरीके से पुनरावृत्ति कराई गई, पिछले पांच वर्षों के प्रश्नपत्र हल कराए गए तथा टीएलएम (शिक्षण-अधिगम सामग्री) के माध्यम से जटिल विषयों को सरल बनाया गया। साथ ही नियमित कक्षाओं के साथ इकाई परीक्षण एवं उपचारात्मक कक्षाओं का भी संचालन किया गया। विद्यालय के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर संस्था प्राचार्य डॉ. युवराज राहंगडाले एवं उपप्राचार्य साजिद मोहिस ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की तथा भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट परिणाम बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया। भानेश साकुरे / 28 मार्च 2026