राष्ट्रीय
30-Mar-2026


* गांधीनगर में मंत्री जीतु का बयान - “विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम” गांधीनगर (ईएमएस)| गांधीनगर में प्रवक्ता मंत्री जीतु वाघाणी ने बताया कि नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश लगातार विकास के नए शिखर छू रहा है। ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत भारत आज वैश्विक स्तर पर प्रगति और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बनता जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मार्च, 2026 को गुजरात के दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे राज्य में रु. 19,800 करोड़ से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री सुबह 9:40 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह 10:00 बजे कोबा में ‘सम्राट संप्रति म्यूजियम’ का उद्घाटन करेंगे, जिससे भारत की समृद्ध संस्कृति और विरासत को नई पहचान मिलेगी। इसके पश्चात दोपहर 12:45 बजे वे साणंद में ‘केन्स सेमीकंडक्टर ओएसएटी फैसिलिटी प्लांट’ का उद्घाटन करेंगे, जिसका उद्देश्य भारत को तकनीक और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है। दोपहर बाद शाम 4:00 बजे वे बनासकांठा जिले के वाव (थराद) के नाणी गांव में विभिन्न विभागों की रु. 19,800 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इससे उत्तर गुजरात के विकास को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम के बाद वे शाम 5:05 बजे डीसा एयरपोर्ट से असम के लिए रवाना होंगे। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल और नायब मुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी उपस्थित रहेंगे। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि ‘नए भारत’ के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचेगा और भारत वैश्विक मंच पर और अधिक सशक्त होकर विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर होगा। सतीश/30 मार्च