राष्ट्रीय
30-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। केंद्रीय मंत्री और हम पार्टी के अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने इशारों-इशारों में बड़ा संकेत देते हुए कहा कि बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर फैसला शीर्ष स्तर पर पहले ही तय हो चुका है। उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह जैसे अनुभवी नेता इस मुद्दे पर पूरी तरह सजग हैं और जो भी निर्णय होगा, वह राज्य के हित में होगा। संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान मांझी ने साफ कहा कि नेतृत्व को लेकर शीर्ष नेतृत्व के मन में स्पष्टता है। उनका यह भी कहना था कि जब नाम सामने आएगा, तो उसे सभी सहयोगी दलों का समर्थन मिलेगा। इस बयान के बाद बिहार की सियासत में अटकलों का दौर और तेज हो गया है। नीतीश कुमार की सेहत और भविष्य को लेकर पहले से ही कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं। अब मांझी के बयान ने इस बहस को नई दिशा दे दी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि एनडीए पहले से ही संभावित चेहरे पर विचार कर चुका है, लेकिन आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है। बिहार में अगले कुछ समय में नेतृत्व परिवर्तन की संभावना को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या एनडीए किसी नए चेहरे को आगे बढ़ाएगा या फिर किसी अनुभवी नेता को ही जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। फिलहाल गठबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है। मांझी के बयान ने यह जरूर संकेत दे दिया है कि बिहार की राजनीति में आने वाले दिनों में बड़ा फैसला देखने को मिल सकता है। अब सभी की नजर एनडीए नेतृत्व की अगली चाल पर टिकी हुई है। सुबोध/३०-०३-२०२६