ये पक्षी उड़ान नहीं भर सकता, तो फिर ये अयोध्या कैसे पहुंचा? अयोध्या,(ईएमएस)। अयोध्या के ऐतिहासिक बहू बेगम मकबरा परिसर में अचानक एक ऐसा मेहमान नजर आया, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। यह मेहमान कोई आम नहीं था, बल्कि ऑस्ट्रेलिया का दुर्लभ पक्षी इमू है। खास बात यह है कि ये पक्षी उड़ान नहीं भर सकता। ऐसे में सवाल है कि फिर ये अयोध्या पहुंचा कैसे? जैसे ही लोगों को इसकी जानकारी लगी उसे देखने लोग और पर्यटक मकबरा परिसर पहुंचने लगे। किसी ने मोबाइल कैमरे में इसे कैद किया, तो कोई इसकी चाल और हाव-भाव को देखकर हैरानी जता रहा था। इस तरह का विदेशी पक्षी दिखना अनोखा अनुभव था। मीडिया रिपोर्ट में वन विभाग के हवाले से बताया गया है कि बहू बेगम मकबरा परिसर में इमू का एक जोड़ा मौजूद है। अयोध्या के डीएफओ ने बताया कि इमू मूलरूप से ऑस्ट्रेलिया का पक्षी है और यह शुतुरमुर्ग की प्रजाति से जुड़ा है। हालांकि यह पक्षी उड़ नहीं सकता, लेकिन इसकी खासियत इसकी रफ्तार और अनोखा बनाती है, जो इसे दुनिया के सबसे दिलचस्प पक्षियों में शामिल करता है। इमू को दुनिया के सबसे बड़े उड़ानहीन पक्षियों में गिना जाता है। इसकी लंबी गर्दन, मजबूत पैर और तेज दौड़ने की क्षमता इसे खास बनाती है। यह पक्षी 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकता है और जरूरत पड़ने पर तैर भी सकता है। इसके अलावा इसकी खानपान की आदतें भी अलग हैं- यह सर्वाहारी होता है और फल, बीज, घास, कीड़े-मकोड़े और छोटे जीवों तक को खा सकता है। इसकी उम्र भी कम नहीं होती, यह करीब 25 से 30 साल तक जीवित रह सकता है। इस पूरे मामले ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर यह विदेशी पक्षी अयोध्या के इस ऐतिहासिक परिसर तक कैसे पहुंचा? क्या इसे किसी ने पाला था और फिर यह यहां आ गया, या फिर यह किसी और जगह से भटककर यहां पहुंचा? यह फिलहाल साफ नहीं है। वन विभाग का कहना है कि चूंकि इमू भारत का मूल पक्षी नहीं है, इसलिए यह वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित प्रजातियों की सूची में शामिल नहीं है। ऐसे विदेशी यानी एक्जॉटिक जीवों के लिए अलग नियम होते हैं, जिनके तहत उनकी देखभाल और सुरक्षा की व्यवस्था की जाती है। फिलहाल विभाग इस जोड़े पर नजर रख रहा है और यह देखा जा रहा है कि उन्हें किसी तरह का नुकसान न पहुंचे। लोग इस अनोखे ऑस्ट्रेलियन मेहमान को देखने के लिए पहुंच रहे हैं। सिराज/ईएमएस 18अप्रैल26 ----------------------------------