नई दिल्ली (ईएमएस)। अपनी लोकप्रिय एसयूवी वेन्यू का नाइट एडिशन हुंडई मोटर्स ने लॉन्च कर दिया है। यह नया मॉडल रुपए 9.69 लाख की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत पर उपलब्ध है। यह मॉडल उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो अपनी गाड़ी में एक आक्रामक और विशिष्ट लुक पसंद करते हैं। हुंडई के नाइट ब्रांड का भारत में पहले से ही मजबूत आधार है, जिसने 2022 में अपनी शुरुआत के बाद से अब तक 92,000 से अधिक नाइट एडिशन वाहनों की बिक्री की है, जो इसकी लोकप्रियता को दर्शाता है। नई वेन्यू नाइट एडिशन पूरी तरह से ब्लैक थीम पर आधारित है। इसके सामने वाले हिस्से में चमकदार ब्लैक ग्रिल और मैट ब्लैक फिनिश वाला हुंडई का लोगो दिया गया है। साइड प्रोफाइल को स्पोर्टी लुक देने के लिए काले रंग के ओआरवीएम, रूफ रेल्स और डार्क अलॉय व्हील्स का उपयोग किया गया है। पहियों के पीछे दिखने वाले लाल रंग के ब्रेक कैलीपर्स और कार पर लगी खास नाइट बैजिंग इसे मानक वेन्यू से बिल्कुल अलग और प्रीमियम लुक देती है। केबिन में भी ब्लैक थीम है, जिसे पीतल जैसे दिखने वाले इंसर्ट्स से निखारा गया है। सीटों के लिए विशेष फैब्रिक और कवर डिज़ाइन किए गए हैं जो केवल इसी एडिशन में मिलेंगे। फीचर्स के मामले में, हुंडई ने एक बड़ा अपडेट देते हुए इसमें डैशकैम शामिल किया है, जो इसके टॉप वैरिएंट्स में मिलेगा। यह डैशकैम ड्राइविंग रिकॉर्डिंग, इमरजेंसी कैप्चर और वैकेशन मोड जैसे कई विकल्प प्रदान करता है। इंजन विकल्पों में कंपनी ने कोई बड़ा बदलाव नहीं किया है। ग्राहक अपनी पसंद के हिसाब से 1.2-लीटर पेट्रोल, 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल और 1.5-लीटर डीजल इंजन में से चुन सकते हैं। कंपनी ने दो नए मैट कलर - हेजल ब्लू मैट और मिस्टिक नीलम मैट भी पेश किए हैं। हुंडई मोटर्स इंडिया के हेड (प्रोडक्ट स्ट्रैटेजी) अमित धौंडियाल ने बताया कि यह एडिशन ग्राहकों की बदलती पसंद का परिणाम है और यह उन लोगों के लिए एक स्टाइल स्टेटमेंट है जो अपनी कार में अपनी पर्सनैलिटी को देखना चाहते हैं। सुदामा/ईएमएस 23 अप्रैल 2026