व्यापार
23-Apr-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। अपनी लोकप्रिय इलेक्ट्रिक कार एमजी विंडसर का जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया ने एक नया संस्करण, एमजी विंडसर कम्यूट, लॉन्च किया है। यह मॉडल खास तौर पर टैक्सी और फ्लीट ऑपरेटर्स के लिए डिजाइन किया गया है। कम्यूट का मुख्य उद्देश्य कमर्शियल उपयोग को ध्यान में रखते हुए किफायती ऑपरेटिंग कॉस्ट और बेहतर परफॉर्मेंस प्रदान करना है, जिससे यह टैक्सी सर्विस और कैब ऑपरेटर्स के लिए एक आकर्षक विकल्प बन जाता है। एमजी कम्यूट का डिज़ाइन मूल विंडसर ईवी से काफी मिलता-जुलता है, जो एक मॉडर्न सीयूवी लुक प्रदान करता है। हालांकि, टैक्सी संस्करण में कुछ कॉस्मेटिक बदलाव किए गए हैं जैसे ब्लैक स्टील व्हील्स और कनेक्टेड रियर एलईडी लाइट बार को हटा दिया गया है, जिससे मेंटेनेंस आसान और लागत कम रहती है। 4295एमएम लंबाई और 2700एमएम के लंबे व्हीलबेस के साथ, इसका केबिन काफी स्पेशियस है। कम्यूट का इंटीरियर विंडसर ईवी की तरह पैसेंजर-फ्रेंडली है, खासकर रियर सीट पैसेंजर्स के लिए। इसमें 135 डिग्री तक रिक्लाइन करने वाली एयरो-लाउंज रियर सीट्स हैं, जो लंबी टैक्सी यात्राओं में आराम प्रदान करती हैं, साथ ही रियर एसी वेंट्स भी मिलते हैं। हालांकि, कुछ प्रीमियम फीचर्स जैसे बड़ा टचस्क्रीन या स्टीयरिंग-माउंटेड कंट्रोल्स को हटाया गया है, लेकिन बेसिक कम्फर्ट और जरूरतें पूरी होती हैं। बैटरी और मोटर की बात करें तो, कम्यूट में स्टैंडर्ड विंडसर एक्साइट जैसी 37.9 किलोवाट-घंटे की एलएफपी बैटरी पैक है, जो फ्रंट व्हील ड्राइव सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर से जुड़ी है। यह मोटर 136 पीएस पावर और 200 एनएम टॉर्क जनरेट करती है। इसकी एआरएआई क्लेम्ड रेंज 332 किलोमीटर है, जबकि वास्तविक दुनिया की स्थितियों में यह 200-250 किलोमीटर आसानी से मिल सकती है। चार्जिंग के लिए इसमें 3.2 किलोवाट एसी चार्जर और 45 किलोवाट डीसी फास्ट चार्जिंग सपोर्ट है। सेफ्टी में कोई समझौता नहीं किया गया है, इसमें 6 एयरबैग्स (डुअल फ्रंट, साइड और कर्टेन), ऑल डिस्क ब्रेक्स, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, हिल स्टार्ट असिस्ट, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक और टीपीएमएस जैसे जरूरी फीचर्स स्टैंडर्ड हैं, जो टैक्सी सर्विस के हिसाब से काफी बेहतर हैं। इस नए संस्करण की एक्स-शोरूम कीमत सिर्फ 13.49 लाख रुपये रखी गई है, जो स्टैंडर्ड विंडसर ईवी के बेस वेरिएंट एक्साइट से लगभग 60,800 रुपये सस्ता है। सुदामा/ईएमएस 23 अप्रैल 2026